Movie prime

छठ से पहले नमो घाट से अस्सी तक DM ने परखी तैयारी, देव दीपावली के लिए नावों के कई बोर्डिंग पॉइंट बनाने के निर्देश
 

 
 छठ से पहले नमो घाट से अस्सी तक DM ने परखी तैयारी, देव दीपावली के लिए नावों के कई बोर्डिंग पॉइंट बनाने के निर्देश
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। छठ महापर्व, गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को नमो घाट से अस्सी घाट तक गंगा घाटों का निरीक्षण किया। जिला सूचना विभाग के मुताबिक, डीएम ने एडीजी नवीन अरोरा और अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा के साथ मोटरबोट से घाटों का जायजा लिया। उन्होंने छठ पर अर्घ्य देने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गहरे पानी वाले हिस्सों में होगी बैरिकेडिंग

डीएम ने छठ पूजा स्थलों पर गहरे पानी वाले हिस्सों में जरूरत के मुताबिक बैरिकेडिंग कराने, उद्घोषणा प्रणाली लगाने और खोया-पाया केंद्र बनाने को कहा। जाम से बचने के लिए अलग पार्किंग और घाटों तक आने-जाने के रास्तों पर संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए। जिले के तालाबों, पोखरों और अन्य घाटों पर भी सफाई के विशेष इंतजाम करने को कहा गया है।

निरीक्षण के दौरान अस्सी घाट पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था पर्याप्त पाई गई। डीएम ने नगर निगम को नियमित सफाई कराने और सभी स्ट्रीट लाइटों की जांच कर खराब लाइटों को तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए।

देव दीपावली के लिए नमो घाट पर विशेष इंतजाम

नमो घाट के स्थलीय निरीक्षण के दौरान डीएम ने देव दीपावली पर नावों में चढ़ने के लिए कई बोर्डिंग पॉइंट बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रोशनी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंच, दर्शकों के बैठने और पार्किंग की व्यवस्था करने को कहा। डीएम ने नमो घाट पर गंगा महोत्सव और काशी तमिल संगम की तैयारियों की भी जानकारी ली। संयुक्त निदेशक पर्यटन को गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियां अभी से शुरू कराने के निर्देश दिए गए।