Movie prime

सावन से पहले DM ने मार्कण्डेय महादेव मंदिर की तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को निर्देश- श्रद्धालुओं को न हो कोई परेशानी

 
....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। श्रावण मास में मार्कण्डेय महादेव मंदिर पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कैथी स्थित मार्कण्डेय महादेव मंदिर का निरीक्षण किया और लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

...

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि श्रावण मास के दौरान दर्शन-पूजन और जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करें।

भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पर विशेष फोकस

निरीक्षण के दौरान डीएम ने मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र और घाट का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर के महंत से तैयारियों और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए।

...

श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए मंदिर के बाहर जिगजैग बैरिकेडिंग, निर्माणाधीन और खराब सड़कों की मरम्मत तथा भीड़ नियंत्रण के लिए होल्डिंग एरिया और पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

सफाई, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर

जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त सफाईकर्मियों और सुपरवाइजरों की तैनाती के निर्देश दिए। घाट पर मोबाइल शौचालय, चेंजिंग रूम, पेयजल टैंकर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मेडिकल टीम की तैनाती के साथ एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग को मेला क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच करने के लिए कहा गया।

नाव संचालन और बिजली व्यवस्था पर भी निर्देश

घाट पर जल पुलिस चौकी, गोताखोरों की तैनाती और डीप वाटर बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि कोई भी नाविक बिना लाइफ जैकेट के श्रद्धालुओं को नाव की सवारी न कराए। इसके लिए संबंधित अधिकारी नाविकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दें।

उन्होंने मंदिर परिसर और घाटों पर सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से संचालित रखने, खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने, निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा आपात स्थिति के लिए जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

जूता-चप्पल रखने के लिए बनेगा क्लॉक रूम

श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर परिसर में क्लॉक रूम और लॉकर की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि दर्शन के दौरान लोगों को अपने सामान की सुरक्षा को लेकर परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम नितिन सिंह, डीसीपी प्रमोद कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डीपीआरओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।