Movie prime

BHU में 4 राउंड फायरिंग का आरोप, छात्रों ने सुरक्षा पर उठाए सवाल, चीफ प्रॉक्टर के इस्तीफे की मांग

वाराणसी के BHU के बिरला A हॉस्टल के सामने कथित फायरिंग के बाद छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाते हुए चीफ प्रॉक्टर के इस्तीफे की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के बिरला ए छात्रावास के बाहर शनिवार देर रात कथित फायरिंग की घटना से परिसर में हड़कंप मच गया। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में छात्रों ने छात्रावास के बाहर इकट्ठा होकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।


चार राउंड फायरिंग का आरोप

प्रत्यक्षदर्शी छात्र रोशन मिश्रा के अनुसार, तीन युवक बाइक से छात्रावास के सामने पहुंचे और अचानक चार राउंड फायरिंग कर फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही छात्रावास परिसर में अफरा-तफरी मच गई और छात्र दहशत में आ गए।

छात्रों का कहना है कि इस तरह की घटना की आशंका को लेकर लगभग 20 दिन पहले ही प्रशासन को लिखित सूचना दी गई थी, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।

सुरक्षाकर्मियों पर मौके से भागने का आरोप

छात्रों ने आरोप लगाया कि घटना के समय तैनात सुरक्षाकर्मी मौके से हट गए। इसे लेकर छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। आक्रोशित छात्रों ने विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की है।

छात्रों का कहना है कि परिसर में बाहरी तत्वों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे उनकी सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई और परिसर में गश्त बढ़ा दी गई। पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने घटना की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।