Movie prime

BHU डॉग अटैक मामला: 4 दिन बाद घायल अभिनव से मिलने पहुंचीं प्रोफेसर, दिखाया वैक्सीनेशन कार्ड, मांगी मांफी

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) की जोधपुर कॉलोनी में डॉग अटैक में गंभीर रूप से घायल 11 वर्षीय अभिनव से घटना के चार दिन बाद रविवार को हिंदी विभाग की प्रोफेसर श्रद्धा सिंह मिलने पहुंचीं। उन्होंने बच्चे के माता-पिता से मुलाकात कर घटना पर खेद जताया और माफी मांगी। प्रोफेसर ने कहा कि भविष्य में वह कभी कुत्ता नहीं पालेंगी। हालांकि, इस दौरान बच्चे की मां ने उनसे सवाल किया कि वह चार दिन बाद मिलने क्यों आईं। मां ने कहा कि अगर ऐसी घटना उनके अपने बच्चे के साथ होती तो वह क्या करतीं।


प्रोफेसर ने दिखाया कुत्ते के टीकाकरण का कार्ड

मुलाकात के दौरान प्रो. श्रद्धा सिंह ने अपने पालतू कुत्ते का टीकाकरण कार्ड भी बच्चे के परिजनों को दिखाया। उन्होंने बताया कि कुत्ते को समय-समय पर टीके लगाए गए हैं और इससे बच्चे को किसी गंभीर संक्रमण का खतरा कम है। वहीं, अभिनव अभी भी BHU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है और उसका इलाज जारी है।


पहले हमले के आरोपों को बताया था गलत

घटना के बाद प्रो. श्रद्धा सिंह ने करीब 5 मिनट 47 सेकंड का ऑडियो बयान जारी कर बच्चे पर कुत्ते के हमले के आरोपों को गलत बताया था। उनका दावा था कि बच्चे को कुत्ते ने नहीं काटा, बल्कि बाइक की टक्कर के बाद गिरने से उसके सिर में चोट लगी। उन्होंने यह भी कहा था कि उनके घर के सीसीटीवी कैमरे में बच्चा दौड़ते हुए गिरता दिखाई दे रहा है। प्रोफेसर ने सीसीटीवी फुटेज प्रॉक्टोरियल बोर्ड को उपलब्ध कराने की बात कही थी।
 

13 अगस्त की सुबह हुआ था हादसा

बच्चे के पिता और BHU ट्रॉमा सेंटर में सीनियर नर्सिंग ऑफिसर प्रेमाराम के मुताबिक, 13 अगस्त की सुबह वह अपने दोनों बेटों 11 वर्षीय अभिनव और 13 वर्षीय हर्ष के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। हर्ष आगे निकल गया, जबकि अभिनव पिता के साथ था। प्रेमाराम ने अभिनव को घर जाने के लिए कहा और बड़े बेटे हर्ष को लेने आगे बढ़ गए। इसी दौरान प्रो. श्रद्धा सिंह के पालतू कुत्ते ने अभिनव पर हमला कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि कुत्ते ने बच्चे को करीब पांच मिनट तक नोचा। हमले में उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। बच्चा खून से लथपथ सड़क पर पड़ा रहा। वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने उसे देखा और तत्काल BHU ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों ने बच्चे की सर्जरी की और सिर व चेहरे पर करीब 50 टांके लगाए।


अभी बोल नहीं पा रहा अभिनव

परिजनों के अनुसार, अभिनव की हालत में कुछ सुधार हुआ है, लेकिन वह अभी बोल नहीं पा रहा है। उसके चेहरे पर सूजन भी बनी हुई है। परिवार का कहना है कि घटना ने बच्चे को शारीरिक चोट के साथ मानसिक रूप से भी प्रभावित किया है।

पिता ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

अभिनव के पिता प्रेमाराम ने BHU कुलपति और चीफ प्रॉक्टर से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि संबंधित कुत्ता पहले भी लोगों पर हमला कर चुका है। उन्होंने परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज सुरक्षित रखने और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कराने की मांग की है। परिवार का कहना है कि निष्पक्ष जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।