Movie prime

BHU अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर को मिले नए प्रमुख, प्रो. पुनीत बने MS, प्रो. अजीत सिंह को ट्रॉमा सेंटर की कमान

बीएचयू प्रशासन ने अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर के लिए नई नियुक्तियों की घोषणा की है। प्रो. पुनीत को अस्पताल का नया मेडिकल सुपरिंटेंडेंट (MS) और प्रो. अजीत सिंह को ट्रॉमा सेंटर का नया इंचार्ज बनाया गया है। दोनों जल्द कार्यभार संभालेंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद है।

 
BHU अस्पताल
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) प्रशासन ने सोमवार को संस्थान के अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में नई प्रशासनिक जिम्मेदारियों की घोषणा कर दी। विश्वविद्यालय ने प्रो. पुनीत को अस्पताल का नया मेडिकल सुपरिंटेंडेंट (MS) और प्रो. अजीत सिंह को ट्रॉमा सेंटर का नया इंचार्ज नियुक्त किया है। लंबे समय से इन दोनों पदों पर नियुक्ति को लेकर चल रही प्रक्रिया के बाद यह फैसला लिया गया है।

करीब एक महीने से चल रही थी चयन प्रक्रिया

जानकारी के अनुसार, इन दोनों महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति के लिए पिछले लगभग एक महीने से मंथन चल रहा था। योग्य उम्मीदवारों के अनुभव, कार्यक्षमता और बायोडाटा का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने नियुक्ति आदेश जारी किया।

तीन साल का होगा कार्यकाल

विश्वविद्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, प्रो. पुनीत को पे-लेवल-14 के तहत नियुक्त किया गया है। उनका वेतनमान 1,44,200 रुपये से 2,18,200 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा उन्हें विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार अन्य भत्ते भी मिलेंगे।

नियुक्ति की अवधि तीन वर्ष तय की गई है। हालांकि, यह सेवा शर्तों और विश्वविद्यालय के लागू नियमों के अधीन रहेगी। नियुक्ति पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि विश्वविद्यालय अथवा नियुक्त अधिकारी, तीन महीने का लिखित नोटिस देकर सेवा समाप्त कर सकते हैं।

एक महीने के भीतर संभालना होगा कार्यभार

प्रो. पुनीत को आदेश जारी होने की तिथि से एक महीने के भीतर IMS-BHU के निदेशक के समक्ष कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। जॉइनिंग के समय उन्हें शैक्षणिक प्रमाणपत्र, मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, राजपत्रित अधिकारी द्वारा जारी चरित्र प्रमाणपत्र तथा आवश्यक होने पर जाति प्रमाणपत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।

संबंधित अधिकारियों को दिए गए निर्देश

बीएचयू प्रशासन ने नियुक्ति आदेश की प्रतियां संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि नई नियुक्तियों के बाद अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी होगी और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।