BHU PG Admission 2026: सीयूईटी पीजी के जरिए दाखिले की प्रक्रिया शुरू, 4 जून तक करें रजिस्ट्रेशन
वाराणसी I Banaras Hindu University में सीयूईटी पीजी के तहत स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय ने मंगलवार शाम से पीजी अभ्यर्थियों के लिए रजिस्ट्रेशन पोर्टल खोल दिया है। इच्छुक उम्मीदवार 4 जून की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इसके बाद कटऑफ जारी कर आगे की प्रवेश प्रक्रिया की तिथि घोषित की जाएगी।
गौरतलब है कि सीयूईटी पीजी 2026 का परिणाम 24 अप्रैल को घोषित किया गया था। करीब 25 दिनों बाद बीएचयू ने पीजी पाठ्यक्रमों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, एनटीए से अर्ह अभ्यर्थियों की सूची प्राप्त होने और उसके सत्यापन में समय लगा।
150 पाठ्यक्रमों में होगा प्रवेश
इस वर्ष बीएचयू के पांच संस्थानों और 13 संकायों में संचालित करीब 150 स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन के लिए कुल 16 दिनों का समय दिया गया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रवेश बुलेटिन में सभी पाठ्यक्रमों, पात्रता, सीटों और अन्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई है।
नए सत्र में शुरू होंगे कई नए कोर्स
विश्वविद्यालय नए शैक्षणिक सत्र से स्नातकोत्तर स्तर पर कई नए पाठ्यक्रम भी शुरू करने जा रहा है। इनमें मेडिकल साइंस समेत विभिन्न विषयों के कोर्स शामिल हैं। साथ ही, कुछ पाठ्यक्रमों में छात्रों की संख्या को देखते हुए सीटों में भी बदलाव किया गया है।
प्रवेश समन्वय सेल के अध्यक्ष Prof. Bhaskar Bhattacharya ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले प्रवेश बुलेटिन को ध्यानपूर्वक पढ़ें और उसी के अनुसार पंजीकरण करें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि से बचा जा सके। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह सीयूईटी पीजी में प्राप्त अंकों के आधार पर की जाएगी।
