BHU में नए साल से रोबोटिक सर्जरी, 30 करोड़ की मशीन 10 दिसंबर तक होगी स्थापित, गायनी से कैंसर तक के ऑपरेशन होंगे आसान
आईएमएस बीएचयू में नए साल से रोबोटिक सर्जरी शुरू होने जा रही है। करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से सॉफ्ट टिश्यू सर्जिकल रोबोट 10 दिसंबर तक स्थापित होगा। गायनी, यूरोलॉजी, ईएनटी, कैंसर और अन्य जटिल सर्जरी में इस तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
वाराणसी: आईएमएस बीएचयू में नए साल से मरीजों के ऑपरेशन रोबोटिक तकनीक से किए जाएंगे। संस्थान में करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से सॉफ्ट टिश्यू सर्जिकल रोबोट लगाया जा रहा है। इसे 10 दिसंबर तक सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक में स्थापित करने की तैयारी है। मशीन लगने और चिकित्सकों को प्रशिक्षण दिए जाने के बाद गायनी, यूरोलॉजी, ईएनटी समेत कई विभागों में रोबोटिक सर्जरी शुरू होगी। इसके साथ ही आईएमएस बीएचयू पूर्वांचल का पहला केंद्रीय चिकित्सा संस्थान बन जाएगा, जहां इस आधुनिक तकनीक से ऑपरेशन किए जाएंगे।
दिसंबर के दूसरे सप्ताह तक स्थापित होगी मशीन
आईएमएस बीएचयू में एम्स जैसी चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के तहत रोबोटिक सर्जरी शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। एम्स नई दिल्ली और स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ हुए एमओयू के बाद संस्थान में जांच, इलाज और सर्जरी की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
इसी क्रम में करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से सॉफ्ट टिश्यू सर्जिकल रोबोट खरीदा जा रहा है। इसके लिए गठित समिति ने सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक में जगह का चयन कर लिया है। मशीन की स्थापना से संबंधित औपचारिकताएं भी पूरी कर ली गई हैं। इसे 10 दिसंबर तक स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।
छह विभागों में होगी रोबोटिक सर्जरी
रोबोटिक सर्जरी टीम की जिम्मेदारी यूरोलॉजी विभाग के डॉ. समीर त्रिवेदी को सौंपी गई है। मशीन स्थापित होने के बाद विभिन्न विभागों के चिकित्सकों को इसके संचालन और रोबोटिक सर्जरी का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के बाद गायनी, यूरोलॉजी, ईएनटी, पीडियाट्रिक सर्जरी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी और सीटीवीएस विभाग में इस तकनीक से ऑपरेशन किए जा सकेंगे। कैंसर, गुर्दे और अन्य जटिल बीमारियों की सर्जरी में रोबोट का इस्तेमाल किया जाएगा।
संस्थान के निदेशक प्रो. एसएन संखवार के अनुसार, एम्स जैसी सुविधाएं विकसित करने की दिशा में रोबोटिक सर्जरी शुरू कराई जा रही है। मशीन स्थापित करने के लिए समिति ने जगह का निरीक्षण कर अन्य जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। दिसंबर के दूसरे सप्ताह तक मशीन लग जाएगी। इससे ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों को तकनीकी सहायता मिलेगी और सर्जरी अधिक सटीकता से करने में मदद मिलेगी।
क्या है सॉफ्ट टिश्यू सर्जिकल रोबोट?
आईएमएस में एम्स लाइक कमेटी के नोडल अधिकारी डॉ. विश्वंभर सिंह के मुताबिक, सॉफ्ट टिश्यू सर्जिकल रोबोट एक आधुनिक रोबोटिक प्रणाली है, जिसका इस्तेमाल पेट, छाती, मूत्र और स्त्री रोग से जुड़े अंगों की न्यूनतम चीर-फाड़ वाली सर्जरी में किया जाता है।
इस तकनीक में सर्जन एक कंसोल पर बैठकर रोबोट की भुजाओं और सूक्ष्म उपकरणों को नियंत्रित करते हैं। इसमें थ्रीडी हाई डेफिनिशन दृश्य मिलता है, जबकि हाथों के स्वाभाविक कंपन का प्रभाव भी कम हो जाता है। इससे जटिल ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों को अधिक बारीकी और बेहतर नियंत्रण के साथ सर्जरी करने में मदद मिलती है।
