Movie prime

BHU ट्रॉमा सेंटर का 200 बेड वाला क्रिटिकल केयर ब्लॉक जून तक होगा तैयार, बर्न यूनिट भी होगी शामिल

वाराणसी: बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में 200 बेड वाला क्रिटिकल केयर ब्लॉक जून तक तैयार होगा। इसमें बर्न यूनिट भी शामिल होगी। कुलपति ने निर्माण कार्य का निरीक्षण कर समय से गुणवत्ता पूर्ण काम के निर्देश दिए।

 
BHU ट्रॉमा सेंटर
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर परिसर में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक (CCB) इसी वर्ष जून तक बनकर तैयार हो जाएगा। 200 बेड की क्षमता वाले इस अत्याधुनिक ब्लॉक में अलग से बर्न यूनिट की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसके शुरू होने से गंभीर रूप से घायल और जलने की घटनाओं में झुलसे मरीजों को एक ही छत के नीचे समग्र इलाज मिल सकेगा।

मंगलवार को बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने ट्रॉमा सेंटर परिसर का दौरा कर निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी ब्लॉक से सटे बन रहे सीसीबी भवन में वार्ड, जांच कक्ष और मरीजों की भर्ती से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान प्रभारी प्रो. सौरभ सिंह, आईएमएस निदेशक प्रो. एस.एन. संखवार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

कुलपति ने कार्यदायी एजेंसी को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य तय समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरा किया जाए। उल्लेखनीय है कि हाल ही में स्वास्थ्य मंत्रालय की संयुक्त सचिव अंकिता बुंदेला भी ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर निर्माण कार्य की समीक्षा कर चुकी हैं।

स्टाफ कैंटीन का उद्घाटन

निरीक्षण के दौरान कुलपति ने ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टर्स और पैरामेडिकल स्टाफ के लिए निर्मित नई कैंटीन का उद्घाटन भी किया। इस सुविधा से 24 घंटे मरीजों की जांच, इलाज और सर्जरी में जुटे स्वास्थ्य कर्मियों को समय पर नाश्ता और भोजन उपलब्ध हो सकेगा। कुलपति ने इसे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम बताते हुए भविष्य में मरीजों और तीमारदारों के लिए भी ऐसी सुविधाएं विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।