BHU ट्रामा सेंटर में महिला का हंगामा, दारोगा की वर्दी फाड़ी, लंका थाने में FIR दर्ज
वाराणसी के BHU ट्रामा सेंटर में मरीज को पहले दिखाने की जिद में महिला पर हंगामा और सुरक्षाकर्मियों से मारपीट का आरोप लगा है। नगवा पुलिस चौकी में महिला ने दारोगा की वर्दी फाड़ दी। मामले में लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना का वीडियो भी प्रसारित हुआ है।
वाराणसी: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के ट्रामा सेंटर में सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट और हंगामा करने के आरोप में एक महिला के खिलाफ लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि मरीज को पहले दिखाने की जिद में महिला ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया। इसके बाद जब लंका पुलिस उसे नगवा चौकी ले गई तो वहां दारोगा स्वप्निल की वर्दी फाड़ दी। स्थिति संभालने के लिए पहले महिला सुरक्षाकर्मियों और फिर लंका पुलिस को बुलाना पड़ा। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद BHU प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
ऑर्थोपेडिक ओपीडी में लाइन तोड़ने को लेकर हुआ विवाद
ट्रामा सेंटर के हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेटर के मुताबिक, 16 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे महिला ऑर्थोपेडिक ओपीडी में पहुंची थी। आरोप है कि वह लाइन तोड़कर अपने मरीज को पहले दिखाने का प्रयास कर रही थी। सुरक्षाकर्मियों और सिविल सुरक्षा गार्डों ने उसे निर्धारित व्यवस्था का पालन करने को कहा तो उसने हंगामा शुरू कर दिया।
महिला सुरक्षाकर्मियों ने उसे समझाने की कोशिश की और किसी तरह अस्पताल परिसर से बाहर ले गईं। इसके बाद लंका पुलिस उसे नगवा पुलिस चौकी ले गई।
नगवा चौकी में दारोगा की वर्दी फाड़ने का आरोप
बीएचयू प्रशासन के अनुसार, नगवा पुलिस चौकी पहुंचने पर महिला ने सुरक्षाकर्मियों और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और हाथापाई की। इस दौरान उसने दारोगा स्वप्निल की वर्दी भी फाड़ दी। स्थिति बिगड़ने पर महिला को संभालने के लिए महिला सुरक्षाकर्मियों के साथ लंका पुलिस को भी बुलाना पड़ा।
इसी दौरान महिला अचेत होकर गिर पड़ी। पुलिसकर्मी उसे ट्रामा सेंटर की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे, जहां भर्ती कराकर प्राथमिक उपचार कराया गया। उपचार के बाद उसे जाने दिया गया। हालांकि, इसके बाद महिला फिर से परिसर में पहुंची और सुरक्षाकर्मियों के साथ हाथापाई करने लगी।
वायरल वीडियो को लेकर BHU प्रशासन ने दी सफाई
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद BHU प्रशासन पर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आगे और पीछे के कुछ हिस्से काट दिए गए हैं। ऐसे में पूरी घटना को समझने के लिए उसके सभी पहलुओं को देखना जरूरी है।
लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच में पता चला है कि महिला अपने मरीज को दिखाने के लिए ट्रामा सेंटर और बीएचयू परिसर में अक्सर हंगामा करती है। मंगलवार शाम को महिला के खिलाफ लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
