Movie prime

BHU के विश्वनाथ मंदिर में पार्किंग पर बवाल, साइकिल हटाने पर भड़के छात्र

वाराणसी के बीएचयू स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर परिसर में पार्किंग को लेकर विवाद ने हंगामे का रूप ले लिया। साइकिल हटाए जाने से नाराज छात्र ने साथियों संग धरना शुरू किया। मौके पर पहुंचे प्राक्टोरियल बोर्ड ने समझाकर मामला शांत कराया, जिससे परिसर में सामान्य स्थिति बहाल हुई।

 
BHU के विश्वनाथ मंदिर में पार्किंग पर बवाल
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: बीएचयू स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर परिसर में सोमवार को एक मामूली पार्किंग विवाद ने अचानक बड़ा रूप ले लिया। साइकिल पार्किंग को लेकर छात्र और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई बहस के बाद दर्जनों छात्र मंदिर परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, एक छात्र ने मंदिर के प्रतिबंधित क्षेत्र में अपनी साइकिल खड़ी करने का प्रयास किया, जिस पर वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने आपत्ति जताई और उसे निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने को कहा। हालांकि, छात्र ने नियमों की अनदेखी करते हुए साइकिल वहीं खड़ी कर दी और मंदिर के अंदर चला गया।

जब छात्र वापस लौटा, तो उसे अपनी साइकिल मौके पर नहीं मिली। इस पर पूछताछ करने पर सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि नियमों के उल्लंघन के कारण साइकिल को सुरक्षित रखने के लिए अपने कब्जे में लिया गया है।

इस बात से नाराज छात्र ने सुरक्षाकर्मियों पर बदसलूकी का आरोप लगाया और अपने साथियों को बुला लिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में छात्र मौके पर पहुंच गए और विरोध जताते हुए मंदिर परिसर के सामने धरने पर बैठ गए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रॉक्टोरियल बोर्ड के अधिकारी और सुरक्षा दल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें समझाया-बुझाया, जिसके बाद धरना समाप्त कराया गया और मामला शांत हो गया।