देवरिया के भूपेंद्र सिंह अब वाराणसी के नए BSA, 6 प्रवक्ताओं का भी ट्रांसफर
वाराणसी के नए बेसिक शिक्षा अधिकारी के रूप में भूपेंद्र सिंह की तैनाती की गई है। प्रतापगढ़ के BSA रहे भूपेंद्र सिंह अब वाराणसी में शिक्षा विभाग की कमान संभालेंगे। वहीं अनुराग श्रीवास्तव को वेटिंग में रखा गया है। साथ ही GIC के 6 प्रवक्ताओं के तबादले भी किए गए हैं।
वाराणसी: उत्तर प्रदेश शासन ने शनिवार देर शाम बड़े पैमाने पर बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) के तबादले किए, जिसमें वाराणसी को नया बेसिक शिक्षा अधिकारी मिल गया। अब प्रतापगढ़ में तैनात रहे भूपेंद्र सिंह वाराणसी के नए BSA होंगे। शासन स्तर से जारी सूची में कई जिलों के बीएसए का स्थानांतरण किया गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को पहली बार बीएसए की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वाराणसी के मौजूदा बीएसए अनुराग श्रीवास्तव को वेटिंग में रखा गया है। उनका कार्यकाल यहां करीब आठ महीने का रहा। इस दौरान उन्होंने शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत उल्लेखनीय कार्य किया। बीते पांच वर्षों में सबसे अधिक बच्चों का एडमिशन RTE के तहत उनके कार्यकाल में कराया गया।
देवरिया के रहने वाले हैं भूपेंद्र सिंह
नए BSA भूपेंद्र सिंह मूल रूप से देवरिया जिले के निवासी हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर अहिरौली बघेल से प्राप्त की और 12वीं तक की पढ़ाई वहीं पूरी की। इसके बाद उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से स्नातक किया।
पढ़ाई के बाद उन्हें बिजली विभाग राजभवन में एसएसओ की नौकरी मिली। नौकरी के साथ ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी और इसी दौरान एमए की पढ़ाई भी पूरी की। तीसरे प्रयास में उन्हें सफलता मिली और अब उन्हें वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
GIC के 6 प्रवक्ताओं का भी तबादला
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से शनिवार देर शाम प्रवक्ताओं के तबादले की सूची भी जारी की गई। इसमें वाराणसी के छह प्रवक्ताओं का स्थानांतरण किया गया है। इनमें चार को जिले में नई तैनाती दी गई है, जबकि दो प्रवक्ताओं को जिले से बाहर भेजा गया है।
DIOS भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वाराणसी में नई तैनाती पाने वाले प्रवक्ताओं में जौनपुर के राजकीय इंटर कॉलेज मुफ्तीगंज में तैनात संस्कृत प्रवक्ता धर्मेंद्र द्विवेदी को सेवापुरी स्थित बरकी महाविद्यालय में भेजा गया है।
राजकीय महाविद्यालय जक्खिनी में तैनात अर्थशास्त्र की प्रवक्ता डॉ. स्वर्णिमा घोष को GGIC सेवापुरी में तैनाती मिली है। वहीं राजकीय महाविद्यालय फरीदपुर में तैनात कॉमर्स प्रवक्ता को बरकी महाविद्यालय सेवापुरी भेजा गया है।
इसके अलावा सैदपुर राजकीय महाविद्यालय में कार्यरत जूलॉजी प्रवक्ता बलबीर सिंह को राजकीय महाविद्यालय पलहीपट्टी में स्थानांतरित किया गया है।
दो प्रवक्ताओं का जिले से बाहर ट्रांसफर
राजकीय महाविद्यालय जक्खिनी में तैनात हिंदी प्रवक्ता डॉ. शरद कुमार का तबादला सैदपुर राजकीय महाविद्यालय किया गया है। वहीं हिंदी प्रवक्ता डॉ. आभा गुप्ता को जक्खिनी से मिर्जापुर के अदलहाट राजकीय महाविद्यालय भेजा गया है।
