वाराणसी में भूटान बनाएगा बौद्ध मंदिर, UP सरकार ने दी 2 एकड़ जमीन
वाराणसी I भारत और भूटान के बीच सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। Government of Uttar Pradesh के पर्यटन विभाग और Royal Government of Bhutan के बीच लखनऊ में महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौते के तहत वाराणसी में बौद्ध मंदिर और गेस्ट हाउस के निर्माण के लिए भूटान सरकार को 2 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। यह भूमि 30 वर्ष की लीज पर दी गई है, जिसका वार्षिक किराया मात्र 1 रुपये निर्धारित किया गया है।
यह परियोजना बौद्ध पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ दोनों देशों के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को और अधिक सशक्त बनाएगी।
भूमि संबंधी डीड पर हस्ताक्षर पर्यटन विभाग के विशेष सचिव मृदुल चौधरी और भूटान सरकार की प्रतिनिधि एवं उप प्रमुख मिशन ताशी पेल्डेन द्वारा किए गए। इस अवसर पर भूटान के मंत्री-परामर्शदाता (वित्त) चिमी वांगमो तथा सेंट्रल मोनास्टिक बॉडी ऑफ भूटान के संयुक्त सचिव उगेन नामग्याल भी उपस्थित रहे।
Varanasi में बनने वाला यह बौद्ध केंद्र अंतरराष्ट्रीय बौद्ध तीर्थ यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में विकसित होने की उम्मीद है।
