वाराणसी में गैस आपूर्ति को लेकर बड़ा फैसला, सभी 8 जोन में लगेंगे PNG कनेक्शन कैंप
वाराणसी। शहर में घर-घर पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन देने के काम को तेज करने के लिए प्रशासन और गेल (GAIL) ने नई पहल शुरू की है। प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने शनिवार को सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर गैस कनेक्शन वितरण की प्रगति की समीक्षा की और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि रविवार से शहर के सभी 8 जोनल कार्यालयों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे, जहां लोगों को आवेदन करने पर तेजी से गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि घर-घर गैस कनेक्शन योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए।
अब तक 68 हजार से अधिक घरों में कनेक्शन
अधिकारियों ने बताया कि वाराणसी में अब तक 68,196 घरों में कुल 1,22,946 PNG कनेक्शन दिए जा चुके हैं। शहर के कई इलाकों में पाइपलाइन बिछाने का काम भी पूरा हो चुका है।
पांडेयपुर, मानसिक चिकित्सालय क्षेत्र, पूरा पंचकोसी मार्ग, संदहा मार्ग, टीएफसी तक का इलाका, भोजूबीर, शिवपुर रेलवे फाटक के आसपास, होलापुर, पिसौर और भेल के पीछे के क्षेत्रों सहित वरुणा पार के अधिकांश इलाकों में गैस पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और कई घरों में कनेक्शन भी दे दिए गए हैं।
80 प्रतिशत शहरी क्षेत्र कवर
अधिकारियों के मुताबिक शहर के करीब 80 प्रतिशत हिस्से में गैस पाइपलाइन का नेटवर्क तैयार हो चुका है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों तक भी मुख्य पाइपलाइन का विस्तार किया जा रहा है, ताकि वहां भी लोगों को PNG कनेक्शन का लाभ मिल सके।
जिले में अब तक 102 किलोमीटर स्टील की हाई प्रेशर पाइपलाइन और 1450 किलोमीटर प्लास्टिक की लो प्रेशर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है।
हेल्पलाइन और ऐप से भी कर सकते हैं शिकायत
गेल के अधिकारियों ने बताया कि गैस कनेक्शन या आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या के लिए लोग 7268071339 और 9454535384 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा PNG Mitra ऐप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
जिलाधिकारी ने दिए कैंप लगाने के निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने गेल के अधिकारियों को निर्देश दिया कि रविवार से शहर के सभी 8 जोन कार्यालयों में विशेष कैंप लगाकर अधिक से अधिक घरों में गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए।
इस बैठक में गेल के अधिकारियों के साथ तरना वार्ड के पार्षद रोहित मिश्रा समेत अन्य वार्डों के पार्षद भी मौजूद रहे।
