गैस किल्लत के बीच बड़ा खेल! चौकाघाट पर बंद पेट्रोल पंप में 230 से ज्यादा कॉमर्शियल सिलिंडर बरामद
वाराणसी : कैंट थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चौकाघाट स्थित बंद पड़े एक पेट्रोल पंप की बिल्डिंग से 230 से अधिक कमर्शियल गैस सिलिंडर बरामद किए हैं। इनमें करीब 180 सिलिंडर भरे हुए बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में मामला अवैध भंडारण और सप्लाई से जुड़ा माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
सूचना पर छापेमारी, मौके पर मिली बड़ी खेप
पुलिस को सूचना मिली थी कि चौकाघाट स्थित बंद पड़े सभरवाल ब्रदर्स पेट्रोल पंप में अवैध रूप से गैस सिलिंडरों का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की, जहां बड़ी संख्या में सिलिंडर रखे मिले। कार्रवाई के दौरान पूर्ति विभाग को भी मौके पर बुलाया गया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई।
अवैध सप्लाई की आशंका, जांच में जुटी टीम
शुरुआती जांच में सिलिंडरों के अवैध भंडारण और सप्लाई की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने दावा किया कि वाहन खराब होने के कारण सिलिंडरों को अस्थायी रूप से यहां उतारा गया था। लेकिन पुलिस और पूर्ति विभाग की सक्रियता देखते ही संबंधित लोग मौके से हट गए, जिससे संदेह और गहरा गया है।
मिर्जापुर गैस एजेंसी से जुड़े होने की आशंका
बरामद सिलिंडरों के मिर्जापुर जनपद के अदलहाट क्षेत्र स्थित एक गैस एजेंसी से जुड़े होने की बात सामने आ रही है। मामले की पुष्टि के लिए मिर्जापुर के पूर्ति निरीक्षक को मौके पर बुलाया गया है, जो सिलिंडरों का सत्यापन कर रहे हैं।
अधिकारियों की मौजूदगी में जांच जारी
मौके पर कैंट एसीपी अपूर्व पांडेय, प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा और जिला आपूर्ति अधिकारी मौजूद रहे। पूर्ति निरीक्षक प्रदीप शुक्ला ने बताया कि सिलिंडरों की गिनती कराई जा रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि ये संबंधित एजेंसी के हैं या नहीं। फिलहाल पुलिस मामले में पूछताछ कर रही है और अवैध गतिविधियों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
