Movie prime

वाराणसी में गर्भवती महिलाओं और वृद्ध रोगियों के लिए बड़ी राहत: सर सुन्दरलाल चिकित्सालय में अल्ट्रासाउंड अब भूतल पर उपलब्ध
 

 
वाराणसी में गर्भवती महिलाओं और वृद्ध रोगियों के लिए बड़ी राहत: सर सुन्दरलाल चिकित्सालय में अल्ट्रासाउंड अब भूतल पर उपलब्ध
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सर सुन्दरलाल चिकित्सालय के रेडियोडायग्नोसिस एवं इमेजिंग विभाग ने गर्भवती महिलाओं और वृद्ध रोगियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा शुरू की है। अब इन मरीजों को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए पहले तल पर सीढ़ियां चढ़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अमित नन्दन धर द्विवेदी की संस्तुति पर भूतल पर कायाकल्प योजना के तहत तैयार किए गए नए कक्ष में ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है।

पहले गर्भवती महिलाओं और बुजुर्ग मरीजों को विभाग के प्रथम तल तक पहुंचने में काफी कठिनाई होती थी, खासकर सीढ़ियों का चढ़ना मुश्किल भरा होता था। विभाग में पहले से ही स्ट्रेचर और व्हीलचेयर वाले मरीजों के लिए भूतल पर अलग कक्ष का प्रावधान था, लेकिन अब सामान्य गर्भवती और वृद्ध रोगियों को भी इसी स्तर पर जांच की सुविधा मिलेगी। इससे इन संवेदनशील मरीजों को अतिरिक्त आराम और सहूलियत प्राप्त होगी।

यह सुविधा चिकित्सालय प्रशासन द्वारा कायाकल्प योजना के अंतर्गत विभाग में किए गए आंशिक नवीनीकरण के दौरान ही शुरू कर दी गई है। विभागाध्यक्ष प्रो. अमित नन्दन धर द्विवेदी ने इस पहल को मरीज-केंद्रित दृष्टिकोण का हिस्सा बताया है, जिससे अस्पताल में आने वाले कमजोर वर्ग के मरीजों की परेशानियां कम होंगी।