सारनाथ पुलिस और SOG की बड़ी सफलता, सीरियल चोर गिरफ्तार; सोना-चांदी, DSLR कैमरा और ₹67 हजार नकद बरामद
वाराणसी। सारनाथ थाना पुलिस और एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की संयुक्त टीम ने चोरी की तीन बड़ी घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 110.5 ग्राम पीली धातु (सोना), 643 ग्राम सफेद धातु (चांदी), एक सोनी DSLR कैमरा और 67 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वाराणसी के विभिन्न थानों में पहले से ही 19 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी वरुणा जोन, एडीसीपी वरुणा और एसीपी सारनाथ के नेतृत्व में थाना सारनाथ पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चित्रांश खरवार उर्फ चीकू (20 वर्ष) पुत्र बृजेश खरवार, निवासी रसूलगढ़ पंचकोशी, थाना सारनाथ को फरीदपुर अंडरपास से गुरुवार तड़के करीब 12:45 बजे गिरफ्तार किया।
तीन चोरी की वारदातों का हुआ खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने सारनाथ क्षेत्र में दर्ज तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था।
- 20 मई 2026 को आशापुर निवासी सीताराम गुप्ता के घर से तीन कैमरे, दो घड़ियां, सोने की अंगूठी और चांदी के पुराने सिक्के चोरी किए गए थे।
- 30 मई 2026 को बेनीपुर स्थित बैंक कॉलोनी निवासी शिवांश मिश्रा के घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी की गई थी।
- 19 जून 2026 को पुराना आरटीओ क्षेत्र निवासी महेंद्र यादव के घर से ताला तोड़कर गहने और नकदी चोरी कर ली गई थी।
इन तीनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों घटनाओं का सफल अनावरण कर लिया।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से—
110.5 ग्राम वजन का पीली धातु का बिस्किट
643 ग्राम वजन का सफेद धातु का बिस्किट
एक सोनी DSLR कैमरा,
67 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
लंबा है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार चित्रांश खरवार उर्फ चीकू एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ वाराणसी के चेतगंज, सिगरा, चितईपुर, लालपुर-पांडेयपुर, सारनाथ और जैतपुरा समेत विभिन्न थानों में चोरी, चोरी के माल की खरीद-फरोख्त और अन्य धाराओं में 19 मुकदमे दर्ज हैं।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस सफलता में थाना सारनाथ के थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम तथा एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह सहित एसओजी के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
