Movie prime

बिना लाइफ जैकेट नाव पर बर्थडे पार्टी और सेल्फी का शौक पड़ा महंगा! पुलिस ने 15 नावों को किया सीज

जबलपुर नाव हादसे के बाद वाराणसी में गंगा घाटों पर पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर 15 नावों को सीज किया। बिना लाइफ जैकेट यात्रियों को बैठाने, क्षमता से अधिक सवारी और लापरवाही के मामलों में नाविकों व मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: जबलपुर नाव हादसे के बाद सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में कमिश्नरेट पुलिस ने शुक्रवार शाम गंगा घाटों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाली 15 नावों को सीज कर दिया गया। इस दौरान नाविकों और मालिकों के खिलाफ संबंधित थानों में प्राथमिकी भी दर्ज की गई।

सेल्फी, रील और बिना लाइफ जैकेट मिलीं बड़ी लापरवाहियां

अभियान के दौरान कई गंभीर लापरवाहियां सामने आईं। नावों पर सवार यात्री बिना लाइफ जैकेट पहने सेल्फी लेते और रील बनाते नजर आए। कुछ मामलों में यात्रियों ने लाइफ जैकेट पहन तो रखी थी, लेकिन उसका बकल तक नहीं बांधा गया था। इसके अलावा कई नावों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई गई थीं, जो हादसे का बड़ा कारण बन सकती थीं।

नमो घाट से रविदास घाट तक चला सघन अभियान

जल पुलिस के नोडल प्रभारी एवं एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी के नेतृत्व में नमो घाट से लेकर रविदास घाट तक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अस्सी घाट पर नियम तोड़ने वाले नाविकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। लाउड हेलर के जरिए नाविकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि बिना लाइफ जैकेट और ओवरलोडिंग के साथ नाव संचालन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

100 मीटर पीछा कर रोकी गई नाव

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने अस्सी घाट के पास बिना लाइफ जैकेट पहने सेल्फी ले रहे यात्रियों की नाव का करीब 100 मीटर तक पीछा कर उसे रुकवाया। वहीं, एक अन्य नाव पर बर्थडे पार्टी मना रहे युवाओं को भी पुलिस ने रोककर उनकी नाव सीज कर दी।

FIR दर्ज, नाविकों को दी गई सख्त चेतावनी

एसीपी डॉ अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि कुल 15 नावों को नियमों के उल्लंघन के कारण सीज किया गया है। साथ ही नाव मालिकों और चालकों के खिलाफ संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सुरक्षा से समझौता नहीं

पुलिस ने साफ किया है कि गंगा में नौकायन के दौरान सुरक्षा नियमों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे, ताकि किसी भी संभावित हादसे को रोका जा सके।