Movie prime

भाजपा महानगर अध्यक्ष का कांग्रेस पर वार, बोले- राजनीतिक असफलता छिपा रहा विपक्ष

 
भाजपा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Varanasi : भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर चुनाव आयोग समेत संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। रविवार, 28 सितंबर को महानगर कार्यालय गुलाब बाग में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी राजनीतिक असफलताओं को छिपाने के लिए संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है।

प्रदीप अग्रहरि ने चुनाव आयोग की 26 सितंबर की बैठक के बाद जारी स्पष्टीकरण का हवाला देते हुए कहा कि इससे SIR और आयोग के भीतर कथित मतभेदों को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर स्थिति स्पष्ट हुई है।

चुनाव आयोग ने अपने बयान में कहा था कि देशव्यापी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) से जुड़े प्रमुख आदेश मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू तथा विवेक जोशी की सर्वसम्मत मंजूरी से जारी किए गए थे। आयोग ने यह भी कहा कि SIR से संबंधित आदेश को सुप्रीम कोर्ट ने 27 मई 2026 को बरकरार रखा था।

‘कैबिनेट सचिव को लिखा पत्र नीतिगत मामले से संबंधित नहीं’

अग्रहरि ने कहा कि चुनाव आयोग ने अपने स्पष्टीकरण में यह भी बताया है कि चुनाव आयुक्तों की ओर से कैबिनेट सचिव को भेजे गए पत्र आयोग के किसी नीतिगत फैसले या आईटी डिवीजन से संबंधित नहीं थे। आयोग के अनुसार, यह पत्र डेपुटेशन पर तैनात एक अधिकारी की कार्यप्रणाली से जुड़े प्रशासनिक विषय पर था।

प्रदीप अग्रहरि ने आरोप लगाया कि आयोग के भीतर मतभेदों को लेकर प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट का विपक्ष ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाने के लिए इस्तेमाल किया।

फॉर्म-6 को लेकर भी रखी बात

भाजपा महानगर अध्यक्ष ने कहा कि SIR के दौरान फॉर्म-6 से जुड़े घोषणापत्र को लेकर भी भ्रम फैलाया गया। चुनाव आयोग ने अपने 26 सितंबर के बयान में कहा है कि SIR के लिए फॉर्म-6 के साथ जोड़े गए घोषणापत्र को सुप्रीम कोर्ट ने बरकरार रखा है।

अग्रहरि ने दावा किया कि इसके बावजूद विपक्ष की ओर से इस मुद्दे पर लगातार सवाल उठाए जाते रहे।

राहुल गांधी और कांग्रेस पर साधा निशाना

प्रदीप अग्रहरि ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पूर्व में ईवीएम, राफेल, न्यायपालिका, सीएजी और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे मुद्दों पर भी संवैधानिक संस्थाओं और सरकार से सवाल करती रही है।

उन्होंने कहा कि चुनावी हार के बाद चुनाव आयोग और अन्य संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना विपक्ष की हताशा को दिखाता है। उन्होंने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों से चुनाव आयोग को लेकर लगाए गए आरोपों पर माफी मांगने की मांग की।

हालांकि, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल SIR तथा चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी कर चुके हैं।