Movie prime

वाराणसी में स्नातक चुनाव को लेकर BJP ने तेज की तैयारी, बूथ स्तर पर मतदाताओं से संपर्क करने की बनाई रणनीति

 
वाराणसी में स्नातक चुनाव को लेकर BJP ने तेज की तैयारी, बूथ स्तर पर मतदाताओं से संपर्क करने की बनाई रणनीति
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Varanasi : स्नातक निर्वाचन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को गुलाबबाग स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मतदाता सूची के सत्यापन, बूथ स्तर पर जनसंपर्क और मतदान प्रक्रिया की तकनीकी बारीकियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कार्यकर्ताओं को प्रत्येक स्नातक मतदाता तक पहुंचने और मतदान के दौरान होने वाली संभावित गलतियों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में आगामी 23 अक्टूबर को प्रस्तावित मतदान को लेकर रणनीति तैयार की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची की त्रुटियों को दूर कराने और मतदान प्रक्रिया की सही जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

मतदान के दौरान वरीयता अंकित करने के नियम समझाए

चुनाव संचालन प्रमुख एवं पूर्व प्रदेश मंत्री संजय राय ने बताया कि मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक प्रस्तावित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मतपत्र पर वरीयता अंकित करने के नियमों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि मतदाताओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी वरीयता दर्ज करने और मतदान केंद्र पर उपलब्ध अधिकृत पेन का ही इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया जाए। बैठक में द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ वरीयता के महत्व पर भी चर्चा की गई।

हर विधानसभा क्षेत्र में बनेगा समन्वय केंद्र

पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं चुनाव संचालन समिति के सह प्रमुख सुधीर मिश्रा ने संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने संचालन समिति के सदस्यों को प्रतिदिन तीन से चार घंटे और विधानसभा प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों को कम से कम एक घंटे का समय कार्यालय में देने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में समन्वय केंद्र संचालित करने की योजना बनाई गई। इन केंद्रों के माध्यम से चुनाव संबंधी गतिविधियों और जनसंपर्क अभियान का समन्वय किया जाएगा।

पार्षदों को 50 मतदाताओं से संपर्क का लक्ष्य देने पर जोर

पूर्व महापौर एवं मतदाता संपर्क प्रमुख राम गोपाल मोहले ने कहा कि बूथ अध्यक्षों को अपने-अपने बूथ पर मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने पार्षदों को कम से कम 50 मतदाताओं से संपर्क करने का लक्ष्य देने की बात कही। साथ ही कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखने और मतदान प्रक्रिया की जानकारी साझा करने की अपील की।

मोबाइल ऐप से होगा मतदाता सूची का सत्यापन

बैठक में मतदाता सूची में नाम खोजने और विवरण सत्यापित करने के लिए मोबाइल ऐप की सहायता लेने पर जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं को बताया गया कि ऐप के माध्यम से मतदाता का नाम और पिता का नाम दर्ज कर संबंधित विवरण प्राप्त किया जा सकता है। इसके अलावा मतदाता सूची में नामों की वर्तनी संबंधी त्रुटियों की पहचान के लिए डिजिटल और हस्तलिखित सूचियों का मिलान करने तथा किसी प्रकार की विसंगति मिलने पर संबंधित कार्यालय को सूचित करने के निर्देश दिए गए।

पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान के दौरान विनम्रता बनाए रखने और मतदाताओं को मतदान के नियमों के बारे में सही जानकारी देने को कहा। कार्यक्रम का संचालन महानगर उपाध्यक्ष राहुल सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महानगर महामंत्री अशोक जाटव ने किया।

बैठक में महानगर मीडिया संयोजक प्रमील पाण्डेय, राजेश त्रिवेदी, अजय गुप्ता, प्रमोद यादव मुन्ना, अरविंद सिंह, प्रज्ञा पांडेय, राजकुमार यादव, राकेश जायसवाल, अनिल उपाध्याय, मधुप सिंह, जगन्नाथ ओझा, किशोर पाण्डेय, राकेश मोहन दीक्षित, प्रिंस द्विवेदी, अरुण कुमार सिंह और पिंटू जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।