Movie prime

वाराणसी में BJP की महापाठशाला: सारनाथ में जुटे 3 राज्यों के दिग्गज नेता, सिखाए जा रहे चुनाव जीतने के गुर

वाराणसी के सारनाथ में भाजपा की महापाठशाला शुरू हुई, जिसमें यूपी, बिहार और उत्तराखंड के 210 पदाधिकारियों को चुनाव जीतने की रणनीति सिखाई जा रही है। मोबाइल बैन और सख्त नियमों के बीच पार्टी का शीर्ष नेतृत्व संगठन मजबूती और मिशन 2027 की तैयारी पर मंथन कर रहा है।

 
BJP की महापाठशाला
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: सारनाथ में भारतीय जनता पार्टी की अहम ‘महापाठशाला’ का शुभारंभ हो गया है। इस प्रशिक्षण कार्यशाला में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार के 210 वरिष्ठ पदाधिकारियों को आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव में जीत का मंत्र दिया जा रहा है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी वाराणसी पहुंचे हैं।  इस महापाठशाला में संगठन को मजबूत करने और लगातार जीत की रणनीति पर संवाद किया जा रहा है।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत आयोजित इस कार्यशाला में प्रवेश के लिए सख्त नियम लागू किए गए हैं। पदाधिकारियों को केवल डायरी और पेन के साथ ही अंदर जाने की अनुमति दी गई, जबकि सभी के मोबाइल फोन बाहर ही जमा करा लिए गए। सत्र में देरी से पहुंचने पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को प्रवेश नहीं मिल सका, जिसके बाद उन्हें बाहर ही लौटना पड़ा।

इससे पहले दिल्ली और लखनऊ से पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने वाराणसी पहुंचकर बाबा काल भैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर जीत का आशीर्वाद लिया। इसके बाद सभी नेता प्रशिक्षण स्थल पहुंचे और सत्र में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सभी नेताओं के मां गंगा की आरती में शामिल होने का भी कार्यक्रम है।

कार्यशाला में उत्तर प्रदेश से 90, बिहार से 70 और उत्तराखंड से 31 वरिष्ठ पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। राष्ट्रीय संगठन मंत्री, प्रदेश संगठन मंत्री समेत कई दिग्गज नेताओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रशिक्षण के पहले सत्र के बाद बाहर आए पदाधिकारियों ने किसी भी जानकारी को साझा नहीं किया और बिना कुछ बोले आगे बढ़ गए।

इस कार्यशाला में राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, ओमप्रकाश धनखड़, वी. सतीश, शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय समेत कई बड़े नेता मौजूद हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस प्रशिक्षण में संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और चुनावी रणनीति पर विशेष फोकस किया जा रहा है।