Movie prime

32 अंग्रेज सैनिकों को मार गिराने वाली वीरांगना ऊदा देवी को भाजपा ने किया नमन, गुलाब बाग कार्यालय में मना बलिदान दिवस

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना ऊदा देवी पासी के बलिदान दिवस पर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के महानगर कार्यालय गुलाब बाग में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस, वीरता और देश के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को याद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर महामंत्री अशोक जाटव ने कहा कि वीरांगना ऊदा देवी का जीवन साहस, संघर्ष और देशभक्ति की मिसाल है। 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान चिनहट की लड़ाई में उनके पति शहीद हो गए थे। पति की शहादत ने उन्हें अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करने की प्रेरणा दी। इसके बाद उन्होंने देश की आजादी के लिए हथियार उठाए और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ मोर्चा संभाला।

वहीं, महानगर अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष रिंकू भारती ने कहा कि पासी समाज में जन्मी वीरांगना ऊदा देवी नारी शक्ति, स्वाभिमान और अदम्य साहस की प्रतीक हैं। पति की शहादत के बाद वह बेगम हजरत महल की महिला सैन्य टुकड़ी में शामिल हुईं। 16 नवंबर 1857 को लखनऊ के सिकंदर बाग में हुए युद्ध के दौरान उन्होंने पुरुषों का वेश धारण कर एक पीपल के पेड़ पर मोर्चा संभाला और अपनी बंदूक से 32 से अधिक ब्रिटिश सैनिकों को मार गिराया। उनका यह पराक्रम अंग्रेजी सेना के लिए भी हैरान करने वाला था। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को वीरांगना ऊदा देवी के जीवन से राष्ट्रसेवा और साहस की प्रेरणा लेनी चाहिए।

इस अवसर पर महानगर उपाध्यक्ष चंद्रशेखर उपाध्याय और महामंत्री अजय गुप्ता ने भी वीरांगना ऊदा देवी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन साहिल सोनकर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन दीपू कनौजिया ने किया।

इस दौरान अभिषेक सोनकर बंटी, मनोज कुमार, आशीष कुमार, आवेश कुमार, राजीव बेनवंशी, सुरेश प्रसाद, सुनील सोनकर, जय धारिया, नवीन वाल्मीकि, बादल सोनकर, आलोक कुमार, सचिन वाल्मीकि, निशा भारती, संतोष सोनकर, कुंवर कर्मवीर, रमेश रावत, अवधेश कुमार, रविशंकर, धीरज कुमार संगम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।