अजय राय के खिलाफ भाजपा का आक्रोश प्रदर्शन, पीएम मोदी पर टिप्पणी को बताया अपमानजनक
वाराणसी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में बुधवार को वाराणसी में भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा के वाराणसी महानगर और जिला संगठन के संयुक्त तत्वावधान में जिला मुख्यालय पर आयोजित 'आक्रोश सभा' में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
सभा में जिले की आठों विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में मंत्री, विधायक, एमएलसी समेत कई जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बयान की कड़ी निंदा की। वक्ताओं ने अजय राय की टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसे उनकी ओछी मानसिकता का परिचायक बताया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री और काशी के सांसद नरेंद्र मोदी के खिलाफ इस तरह की भाषा का प्रयोग किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से भी इस मामले में जवाब देने की मांग की।
कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। प्रदर्शन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। साथ ही किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कांग्रेस नेताओं की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही थी।
आक्रोश सभा में नवनियुक्त जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, मंत्री दयाशंकर मिश्र, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक अवधेश सिंह, प्रदेश मंत्री मीना चौबे, पूर्व सांसद राजेश मिश्रा, पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण, प्रवक्ता अशोक पांडे और नवरत्न राठी समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
