Movie prime

काशी में 7 अक्टूबर को भाजपा का शक्ति प्रदर्शन,जगतपुर में होगी नितिन नबीन की बड़ी जनसभा

 
काशी में 7 अक्टूबर को भाजपा का शक्ति प्रदर्शन,जगतपुर में होगी नितिन नबीन की बड़ी जनसभा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Varanasi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुजरात के वडनगर से शुरू हुई ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ सात अक्टूबर को वाराणसी में संपन्न होगी। इस अवसर पर रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में भाजपा की जनसभा प्रस्तावित है, जिसे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन संबोधित करेंगे। पार्टी ने जनसभा में करीब 50 हजार लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के भी कार्यक्रम में शामिल होने की बात कही गई है।

यात्रा 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान गुजरात के वडनगर से शुरू हुई थी। इसमें शामिल करीब 500 बाइक यात्री छह अक्टूबर की शाम वाराणसी पहुंचेंगे और अगले दिन विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

v

नमो घाट से काशी विश्वनाथ धाम तक जाएंगे यात्री

भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि सात अक्टूबर को स्वागत कार्यक्रम के बाद सेवा संकल्प यात्री नमो घाट पहुंचेंगे। यहां आयोजित नमो बुक फेस्टिवल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, विचारों और सार्वजनिक यात्रा से संबंधित 450 से अधिक पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके बाद यात्री क्रूज से गंगा विहार करते हुए ललिता घाट पहुंचेंगे और वडनगर से लाए गए जल से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक करेंगे।

इसके बाद यात्रा में शामिल लोग जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान पहुंचेंगे, जहां भाजपा की जनसभा आयोजित की जाएगी।

v

तैयारियों को लेकर गुलाब बाग में बैठक

कार्यक्रम और सेवा संकल्प यात्रियों के स्वागत की तैयारियों को लेकर गुरुवार को भाजपा के महानगर कार्यालय गुलाब बाग में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि और वंदे मातरम् के साथ हुई।

बैठक का संचालन महानगर महामंत्री अशोक जाटव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अजय गुप्ता ने दिया। राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन हुआ।

बैठक में राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव, पूर्व महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, चंद्रशेखर उपाध्याय, राहुल सिंह, नवीन कपूर, मीडिया प्रभारी प्रमील पाण्डेय सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

v