Movie prime

वाराणसी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका राहुल गांधी और अजय राय का पुतला, सनातन धर्म के अपमान का आरोप 

वाराणसी के बनारस रेलवे स्टेशन के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का पुतला फूंककर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सनातन धर्म के अपमान का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। पुतला दहन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और आरपीएफ के बीच विवाद भी हुआ।

 
मंडुआडीह
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: मंडुआडीह स्थित बनारस रेलवे स्टेशन के सामने शुक्रवार सुबह भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का पुतला फूंककर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर सनातन धर्म के अपमान और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।

प्रदर्शन का नेतृत्व पार्षद रविन्द्र सोनकर, पार्षद राजेश कनौजिया, भाजयुमो जिलामहामंत्री राकेश राजभर और आदर्श सोनकर ने किया। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता बनारस स्टेशन की सेकेंड एंट्री के सामने एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं के हाथों में राहुल गांधी और अजय राय के चेहरे वाले पुतले थे।

राहुल गांधी माफी मांगो के नारों से गूंजा स्टेशन क्षेत्र

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘राहुल गांधी माफी मांगो’, ‘अजय राय होश में आओ’ और ‘सनातन का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ जैसे नारे लगाए। इसके बाद दोनों नेताओं के पुतलों को आग के हवाले कर दिया गया।

पुतला दहन के दौरान स्टेशन के सामने कुछ देर तक धुआं फैल गया, जिससे वहां से गुजर रहे ऑटो और ई-रिक्शा भी कुछ समय के लिए रुक गए। मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ के चलते क्षेत्र में हलचल का माहौल बन गया।

RPF और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई नोकझोंक

पुतला दहन की सूचना मिलने पर आरपीएफ, जीआरपी और मंडुवाडीह पुलिस मौके पर पहुंची। आरपीएफ के दारोगा विवेक कुमार सिंह ने रेलवे परिसर में बिना अनुमति पुतला दहन करने का विरोध किया और वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि रेलवे परिसर में इस प्रकार का प्रदर्शन नहीं किया जा सकता। इस बात को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और आरपीएफ के बीच कुछ देर तक बहस और नोकझोंक भी हुई। हालांकि बाद में कार्यकर्ताओं ने स्टेशन परिसर से बाहर सड़क के दूसरी ओर पुतला दहन किया।


प्रदर्शन के दौरान रोहनिया मंडल अध्यक्ष प्रदीप प्रजापति, राजबहादुर राजभर, विनय रत्ना, अनिल सेठ, आकाश सोनकर, संदीप केसरी, रवि गुप्ता, भावेश बरनवाल, नीलमणि पटेल, तूफानी राजभर, आनंद राजभर, सुजीत पटेल और बृजेश सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शन के बाद भाजपा नेताओं ने कहा कि सनातन धर्म और हिंदू आस्था के खिलाफ किसी भी टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी विरोध जारी रहेगा।