पीएम पर अजय राय की आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ BJP युवा मोर्चा का वाराणसी में विरोध प्रदर्शन, फूंका पुतला
वाराणसी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए बयान के विरोध में बीजेपी युवा मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर नारेबाजी करते हुए अजय राय और राहुल गांधी का पुतला फूंका। मामले के बाद शहर की सियासत और गरमा गई है।
वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के बयान के विरोध में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अजय राय और राहुल गांधी का पुतला दहन किया।
जिला मुख्यालय पर BJP कार्यकर्ताओं का हल्लाबोल
सोमवार को बड़ी संख्या में बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान- जैसे नारे लगाए गए। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का प्रतीकात्मक पुतला फूंका और बयान को प्रधानमंत्री के प्रति अमर्यादित बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई।
काशी का अपमान बर्दाश्त नहीं - BJP युवा मोर्चा
बीजेपी युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने मीडिया से बातचीत में कांग्रेस नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिर्फ देश के प्रधानमंत्री ही नहीं बल्कि काशी के सांसद और शहर की पहचान भी हैं। प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी से पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है और इसी वजह से विरोध प्रदर्शन किया गया।
अजय राय की कार्यशैली पर भी उठाए सवाल
बीजेपी युवा मोर्चा के नेताओं ने अजय राय की कार्यशैली और राजनीतिक बयानों पर भी सवाल किए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता लगातार विवादित बयान देकर राजनीतिक माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि काशी की जनता सब कुछ देख और समझ रही है। जो लोग खुद विवादों में घिरे रहते हैं, वे समाज और राजनीति के प्रति सकारात्मक सोच नहीं रख सकते।
PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी बर्दाश्त नहीं
प्रदर्शन के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ किसी भी तरह की अभद्र या अपमानजनक टिप्पणी को पार्टी कार्यकर्ता कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इस तरह की बयानबाजी आगे भी जारी रही तो बीजेपी युवा मोर्चा और बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेगा।
