वाराणसी में BJP का शक्ति प्रदर्शन, प्रदेश अध्यक्षों के प्रथम काशी आगमन पर भव्य स्वागत की तैयारियां तेज
Varanasi : भारतीय जनता पार्टी महानगर कार्यालय, गुलाब बाग में रविवार को महिला मोर्चा एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा की अलग-अलग महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्षों के प्रथम काशी आगमन पर प्रस्तावित भव्य स्वागत कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई तथा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा का होगा स्वागत
महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष कुसुम सिंह पटेल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आगामी 14 जुलाई को रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में होने वाले स्वागत कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा के प्रथम काशी आगमन को ऐतिहासिक बनाने के लिए स्वागत व्यवस्था, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और संगठनात्मक जिम्मेदारियों को अंतिम रूप दिया गया।

बैठक में कार्यकर्ताओं से पूरे उत्साह और समर्पण के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर साधना पांडेय, आरती पाठक, मंजू सिंह, मीरा गुप्ता, उषा अग्रहरी, नेहा कक्कड़, अनीशा शाही, अमृता श्रीवास्तव, दीपशिखा, उषा सिंह, पूनम जायसवाल, अर्चना सिंह, सीमा यादव, रीना सिंह, सुमन सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
प्रकाश पाल के स्वागत को लेकर पिछड़ा वर्ग मोर्चा की रणनीति
वहीं, पिछड़ा वर्ग मोर्चा महानगर अध्यक्ष शोभनाथ मौर्या की अध्यक्षता तथा महामंत्री शिवशंकर यादव के संचालन में आयोजित बैठक में प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल के 16 जुलाई को प्रथम काशी आगमन पर भव्य स्वागत की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में तय किया गया कि प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत डमरुओं की गूंज और गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा के साथ किया जाएगा। स्वागत यात्रा के रूट, स्वागत स्थलों और संगठनात्मक व्यवस्थाओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

इस दौरान महानगर उपाध्यक्ष राजेश वर्मा, मिठाई लाल यादव, सुमित मौर्या, मंगलेश जायसवाल, महेन्द्र सिंह झगडू, सुबीर गुप्ता, विशाल सिंह, श्याम शर्मा, प्रदीप, सुजीत कशेरा, मनीष, योगेश वर्मा, विनोद, गोलू सहित मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
