Movie prime

मानवता के नाम रक्तदान: विश्व रक्तदाता दिवस पर कबीरचौरा अस्पताल में लगा रक्तदान शिविर, युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया ब्लड डोनेट

 
यय
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को कबीरचौरा स्थित मंडलीय चिकित्सालय में बनारसी इश्क़ फ़ाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं और समाजसेवियों ने हिस्सा लेकर रक्तदान किया और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने के संकल्प को मजबूत किया।

..

संस्था के संस्थापक रोहित कुमार सहानी ने बताया कि रक्तदान शिविर का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और अस्पतालों में रक्त की कमी को दूर करने में सहयोग देना है। उन्होंने बताया कि पूरे शिविर में 75 यूनिट बल्ड डोनेट हुआ।

रोहित सहानी ने आगे कहा कि बनारसी इश्क़ फ़ाउंडेशन पिछले 8 वर्षों से लगातार रक्तदान जागरूकता अभियान चला रहा है। संस्था अब तक 10 से अधिक रक्तदान शिविरों का सफल आयोजन कर चुकी है। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर ऑन-कॉल ब्लड डोनेशन की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाती है, ताकि किसी मरीज को रक्त के अभाव में परेशानी न उठानी पड़े।

..

उन्होंने बताया कि संस्था केवल रक्त उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का भी कार्य कर रही है। संस्था जरूरतमंद परिवारों को सहायता देने के साथ-साथ रक्तदान के महत्व को लेकर लगातार जागरूकता अभियान भी चलाती है।

विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक बार स्वैच्छिक रक्तदान अवश्य करना चाहिए। जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, स्वतंत्रता दिवस या अन्य विशेष अवसरों पर रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई जा सकती है।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से शिविर का सफल संचालन संभव हो पाया। कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से लोगों को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया और संदेश दिया गया कि "पहले जलपान, फिर मतदान, फिर रक्तदान", क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है।