Movie prime

17 सितंबर को वाराणसी में रक्तदान महाअभियान, CMO की अपील- आगे आएं, रक्तदान कर बचाएं किसी की जान

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर 2026 को वाराणसी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत प्रस्तावित है। अभियान के पहले दिन जिले में बड़े स्तर पर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अभियान का शुभारंभ प्रस्तावित है। रक्तदान शिविरों की तैयारियों को लेकर शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई।

बैठक में सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों और विभिन्न चिकित्सा संस्थानों को रक्तदान शिविरों की व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की रक्तदान से पहले निर्धारित मानकों के अनुसार वजन, ब्लड प्रेशर और जरूरी स्वास्थ्य जांच की जाए। जांच में पात्र पाए जाने वाले लोगों से ही रक्तदान कराया जाए।

सीएमओ ने रक्तदान के दौरान सभी चिकित्सा प्रोटोकॉल और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा सभी शिविर स्थलों पर साफ-सफाई और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। शिविर में तैनात कर्मचारियों को निर्धारित ड्रेस में मौजूद रहने को कहा गया है।

रक्तदान के बाद डोनरों को रिफ्रेशमेंट देने के साथ ही रक्तदान प्रमाणपत्र तत्काल उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि रक्तदान करने वाले लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके।

सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने जिले के स्वस्थ नागरिकों से स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति द्वारा दिया गया रक्त जरूरतमंद मरीज की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने लोगों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और मानव सेवा व जनसेवा के संकल्प को मजबूत करने की अपील की।

बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. संजय राय, सह-नोडल अधिकारी डॉ. अतुल सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन सिंह, औषधि निरीक्षक जुबान अली समेत विभिन्न सरकारी और निजी ब्लड बैंकों तथा चिकित्सा संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में एसएसपीजी मंडलीय जिला चिकित्सालय, पं. दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय, आईएमए, आईएमएस बीएचयू, हेरिटेज मेडिकल कॉलेज, हेरिटेज हॉस्पिटल ब्लड बैंक, एपेक्स हॉस्पिटल, स्वामी हरसंकरानंद ब्लड बैंक, अमृताशा ब्लड बैंक, गंगा सेवा सदन कंपोनेंट ब्लड बैंक, कालिंदी ब्लड बैंक और पॉपुलर हॉस्पिटल ब्लड बैंक समेत कुल 28 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में रक्तदान शिविरों की व्यवस्थाओं, डोनरों की सुविधा, चिकित्सा इंतजाम और विभिन्न संस्थाओं के बीच समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।