खून से सना कमरा, फोन बंद…वाराणसी में शादी से पहले लापता हुआ दूल्हा, जानें क्या है पूरा मामला
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र से एक युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में दहशत और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
कमरे का मंजर देख दंग रह गए परिजन
परिजनों का कहना है कि चित्तूपुर इलाके में किराए के मकान में रहने वाले आशीष चौहान 29 मार्च 2026 को अचानक लापता हो गए। जब उनका फोन बंद मिला, तो परिजन मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा खोलते ही अंदर का नजारा चौंकाने वाला था, बिस्तर और कपड़े खून से सने हुए थे, लेकिन आशीष का कहीं पता नहीं था।

सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू की और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए।
परिजनों का आरोप- पुलिस कर रही लापरवाही
इस मामले में आशीष के पिता कमलाकांत चौहान द्वारा लंका थाने में लिखित तहरीर दी गई। बावजूद इसके, परिजनों का आरोप है कि अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। परिवार का कहना है कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक, पुलिस कमिश्नर सहित कई अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन कहीं से भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
9 मई को होने वाली थी शादी
परिजनों का कहना है कि 9 मई 2026 को आशीष की शादी होने वाली है और उसके पहले ही उसका कहीं पता नहीं चल पा रहा है।
प्रेस वार्ता कर उठाई आवाज
पुलिस की कथित निष्क्रियता से नाराज परिजनों ने प्रेस वार्ता कर मामले की निष्पक्ष जांच और जल्द बरामदगी की मांग की। इस दौरान समाज के कई लोग भी उनके समर्थन में सामने आए। परिजनों ने साफ कहा है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
अब तक नहीं मिला कोई सुराग
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है, लेकिन अब तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
