Movie prime

BHU सीर गेट पर छात्रों के दो गुटों में खूनी झड़प, जमकर चले ईंट-पत्थर; वीडियो वायरल

 
BHU सीर गेट पर छात्रों के दो गुटों में खूनी झड़प, जमकर चले ईंट-पत्थर; वीडियो वायरल
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी I लंका थाना क्षेत्र के सीर गेट पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब युवकों के दो गुटों के बीच मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और ईंट-पत्थर चलने लगे। अचानक सड़क पर शुरू हुए बवाल से राहगीरों और दुकानदारों में दहशत फैल गई। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

देखें विडियो- https://www.instagram.com/reel/DYEqLkTztsu/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीर गेट स्थित एक चाय की दुकान पर चार युवक पहले से बैठे हुए थे और आपस में बातचीत करते हुए चाय पी रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिलों से करीब दस युवक वहां पहुंचे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि बाइक से पहुंचे युवकों ने पहले हमला किया, जिसके बाद दूसरे पक्ष ने भी जवाबी हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों गुट बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के छात्रों के थे और विवाद पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि मारपीट में शामिल युवकों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।