Movie prime

सीवर लाइन जोड़ने को लेकर खूनी संघर्ष, दो पक्षों में जमकर मारपीट; चार लोग घायल
 

 
 सीवर लाइन जोड़ने को लेकर खूनी संघर्ष, दो पक्षों में जमकर मारपीट; चार लोग घायल
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: भेलूपुर थाना क्षेत्र के पद्मश्री चौराहे के पास स्थित एक बस्ती में सीवर लाइन जोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट की इस घटना में चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, एक पक्ष का युवक सोमवार सुबह सीवर लाइन में पाइप जोड़ने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले लोगों ने इसका विरोध करते हुए पाइप जोड़ने से मना कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि संबंधित सीवर लाइन सरकारी है और उसमें सभी स्थानीय निवासियों को पाइप जोड़ने का अधिकार है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि अमन, कबीर, रजत, नरेश समेत करीब आधा दर्जन लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में चार लोग घायल हो गए, जिनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच पहले भी विभिन्न मुद्दों को लेकर विवाद होता रहा है, लेकिन इस बार सीवर लाइन को लेकर तनाव बढ़ गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग जुट गए। स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया।

घटना की सूचना मिलते ही दुर्गाकुंड चौकी और भेलूपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई तथा घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।