Movie prime

BLW में रेल सेवा आचरण नियमों पर मंथन, हितों के टकराव से बचने के बताए तरीके

 
BLW में रेल सेवा आचरण नियमों पर मंथन, हितों के टकराव से बचने के बताए तरीके
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Varanasi : बनारस रेल इंजन कारखाना (BLW) में सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के तहत गुरुवार को ‘रेल सेवा आचरण नियम और हितों का टकराव’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों को सेवा नियमों, नैतिक मूल्यों, निष्पक्षता और सरकारी दायित्वों के निर्वहन के दौरान हितों के टकराव से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थल पर पारदर्शिता, जवाबदेही और सत्यनिष्ठा को बढ़ावा देने के साथ कर्मचारियों को नियमसम्मत कार्यप्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

व्यक्तिगत हित और सरकारी दायित्वों के बीच टकराव पर चर्चा

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पश्चिम रेलवे के पूर्व वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी शांतनु आंबेकर शामिल हुए। उन्होंने रेल सेवा आचरण नियमों के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए सरकारी कार्यों में निष्पक्षता और ईमानदारी बनाए रखने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने व्यक्तिगत हितों तथा सरकारी जिम्मेदारियों के बीच संभावित टकराव की परिस्थितियों को समझना चाहिए। ऐसी स्थितियों में सेवा नियमों और नैतिक मानदंडों के अनुसार निर्णय लेना आवश्यक है।

v

कार्यस्थल पर सत्यनिष्ठा और जवाबदेही बनाए रखने पर जोर

मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा ने अतिथि वक्ता शांतनु आंबेकर का पौधा और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कार्यस्थल पर सत्यनिष्ठा, जवाबदेही और पारदर्शिता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन और निष्पक्ष कार्यप्रणाली किसी भी संस्थान की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में स्वागत संबोधन उप मुख्य सतर्कता अधिकारी नीरज सिंह ने दिया। उन्होंने अतिथि वक्ता का परिचय कराते हुए सतर्कता जागरूकता अभियान के उद्देश्यों और व्याख्यान के विषय की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

v

प्रश्नोत्तर सत्र में कर्मचारियों की जिज्ञासाओं का समाधान

व्याख्यान के दूसरे सत्र में रेल सेवा आचरण नियमों से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा की गई। प्रश्नोत्तर सत्र के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने हितों के टकराव तथा सेवा नियमों के अनुपालन से संबंधित सवाल पूछे। शांतनु आंबेकर ने उनके सवालों के जवाब देते हुए ऐसी परिस्थितियों में उचित निर्णय लेने और निर्धारित नियमों का पालन करने के संबंध में जानकारी दी।

उन्होंने कर्मचारियों को अपने दैनिक कार्यों में उच्च नैतिक मानदंड बनाए रखने और जिम्मेदारियों का निर्वहन निष्पक्ष तरीके से करने के लिए प्रेरित किया।

वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने की सहभागिता

कार्यक्रम के सफल आयोजन में मुख्य सतर्कता निरीक्षक सुधीर कुमार जैन का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन उप मुख्य सतर्कता अधिकारी नीरज सिंह ने किया।

कार्यक्रम में मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत) अनुराग कुमार गुप्ता, मुख्य विद्युत इंजीनियर (लोको) अरविंद कुमार जैन, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (सर्विस इंजीनियर) विपुल सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।