Movie prime

होटल के कमरे में चला युवती पर ट्रिगर, गोली मारने वाला प्रेमी गिरफ्तार

 
होटल के कमरे में चला युवती पर ट्रिगर, गोली मारने वाला प्रेमी गिरफ्तार
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Varanasi : कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर स्थित होटल वेस्ट इन में दिनदहाड़े महिला पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से अवैध पिस्टल और .32 बोर के जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शुभम राय (34 वर्ष) पुत्र मनबोध सिंह, निवासी चकलोला, थाना कपसेठी, वाराणसी के रूप में हुई है। उसे 13 अप्रैल 2026 को दोपहर 1:30 बजे सैनिक अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया गया।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, 12 अप्रैल को एक महिला द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि उसकी पुत्री को गोली मार दी गई है। जांच के दौरान सामने आया कि 11 अप्रैल को एक युवक और युवती नदेसर स्थित होटल वेस्ट इन के कमरे नंबर 307 में ठहरे हुए थे। इसी दौरान आपसी विवाद में युवक ने युवती को गोली मार दी।

घटना के बाद दोनों होटल से बाहर निकल गए और बाद में सिगरा स्थित अस्पताल से पुलिस को गोली लगने की सूचना मिली। जांच में आरोपी की पहचान शुभम राय के रूप में हुई।

क्या-क्या हुआ बरामद?

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्न सामान बरामद किया—

- एक अवैध पिस्टल
- एक जिंदा कारतूस (.32 बोर)
- एक खोखा (.32 बोर)
- 1060 रुपये नकद
- एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन

पुलिस की कार्रवाई

मामले में थाना कैंट में धारा 109 बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सत्यम कुमार चौरसिया, उपनिरीक्षक सुमित पांडेय, हेड कांस्टेबल शनि विश्वकर्मा और कांस्टेबल दुर्गेश कुमार शामिल रहे।