प्रेमी ने मंगेतर को भेजे निजी फोटो-वीडियो, शादी टूटने के सदमे में युवती ने एसिड पीकर दी जान
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर मानसिक तनाव से परेशान होकर एसिड पी लिया। इलाज के दौरान सोमवार सुबह बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि एक युवक ने युवती के निजी फोटो और वीडियो उसके होने वाले पति को भेज दिए, जिसके बाद उसकी शादी टूट गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अगले महीने होनी थी शादी
मृतका की शादी करीब पांच महीने पहले भदोही निवासी युवक से तय हुई थी। अगस्त के पहले सप्ताह में विवाह होना था और परिवार में तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच आरोप है कि चोलापुर थाना क्षेत्र के राजापुर निवासी गोपी उर्फ कारू ने युवती के निजी फोटो और वीडियो उसके मंगेतर को भेज दिए। इसके बाद विवाह संबंध टूट गया।
ब्लैकमेलिंग और धमकियों का आरोप
परिजनों के मुताबिक, युवती और आरोपी के बीच पहले प्रेम संबंध थे। शादी तय होने के बाद युवती ने उससे दूरी बना ली थी। इसी से नाराज होकर आरोपी ने निजी तस्वीरें और वीडियो साझा किए। आरोप है कि उसने मंगेतर को फोन कर खुद को युवती का प्रेमी बताया और शादी न करने का दबाव बनाया। साथ ही रिश्तेदारों को भी फोटो-वीडियो भेजने की धमकी दी।
परिवार का कहना है कि युवती ने आरोपी से कई बार निजी सामग्री साझा न करने और उसे डिलीट करने की गुहार लगाई, लेकिन वह नहीं माना। लगातार मिल रही धमकियों और ब्लैकमेलिंग से युवती गहरे मानसिक तनाव में चली गई।
इलाज के दौरान हुई मौत
रविवार शाम युवती ने घर में रखा एसिड पी लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मिर्जामुराद थाना पुलिस ने युवती के भाई की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि युवती के भाई की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
