हाईस्पीड रेल, जहाज मरम्मत केंद्र, बजट में PM मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस को मिले कई मेगा प्रोजेक्ट
बजट 2026 में पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को शिप रिपेयर सेंटर, दिल्ली-सिलीगुड़ी हाईस्पीड रेल, इंफ्रास्ट्रक्चर और स्वास्थ्य परियोजनाओं की बड़ी सौगात मिली है। पूरे उत्तर प्रदेश को एम्स, IIT, सेमीकंडक्टर पार्क और ODOP को मजबूती देने वाले फैसले मिले हैं।
वाराणसी: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2026 पेश कर दिया है, जिसे सरकार की ओर से भविष्य का बजट बताया जा रहा है। इस बजट में देश के लगभग हर राज्य के विकास को ध्यान में रखते हुए बड़े फैसले किए गए हैं। उत्तर प्रदेश को भी बजट में कई अहम तोहफे मिले हैं। खास तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी (बनारस) को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं।
बजट 2026 में उत्तर प्रदेश के रेल नेटवर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती देने पर खास फोकस किया गया है। आइए जानते हैं कि बजट में पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस और पूरे उत्तर प्रदेश को क्या-क्या मिला।
पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस को बजट 2026 में क्या मिला?
1. वाराणसी में बनेगा जहाज मरम्मत सुविधा केंद्र
बजट 2026 में वाराणसी में शिप रिपेयर (जहाज मरम्मत) सुविधा केंद्र के निर्माण की घोषणा की गई है। सरकार के इस कदम से न केवल अंतर्देशीय जलमार्गों को मजबूती मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
2. वाराणसी से दिल्ली और सिलीगुड़ी तक हाई स्पीड रेल नेटवर्क
उत्तर प्रदेश में रेल नेटवर्क के विस्तार के लिए दो बड़ी योजनाओं की घोषणा की गई है।
• पहली योजना: वाराणसी से दिल्ली हाई स्पीड रेल नेटवर्क
• दूसरी योजना: वाराणसी से सिलीगुड़ी हाई स्पीड रेल नेटवर्क
दोनों हाई स्पीड रेल कॉरिडोर वाराणसी से ही शुरू होंगे, जिससे बनारस देश के बड़े रेल नेटवर्क हब के रूप में उभरेगा।
3. यूपी के हर जिले में इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर
बजट में उत्तर प्रदेश के हर जिले में इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर बनाने का प्रस्ताव किया गया है। इसका सीधा लाभ वाराणसी और आसपास के जिलों को भी मिलेगा।
4. जिला अस्पतालों की क्षमता बढ़ेगी
केंद्रीय वित्त मंत्री ने जिला अस्पतालों की क्षमता बढ़ाने की भी घोषणा की है। इससे उत्तर प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाएं और बेहतर होंगी।
5. स्कूलों और कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब
देशभर में 15,000 स्कूलों और 500 कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित करने का ऐलान किया गया है। इसका फायदा उत्तर प्रदेश के स्कूल-कॉलेजों को भी मिलेगा, जिससे डिजिटल स्किल और क्रिएटिव एजुकेशन को बढ़ावा मिलेगा।
6. टियर-2 और टियर-3 शहरों में इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा
5 लाख से अधिक आबादी वाले टियर-2 और टियर-3 शहरों में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट को जारी रखने की घोषणा की गई है। लगभग 20 लाख की आबादी वाला वाराणसी भी इस योजना से लाभान्वित होगा।
बजट 2026 में उत्तर प्रदेश को क्या-क्या मिला?
• पश्चिमी यूपी में बनेगा नया एम्स
• दिल्ली-वाराणसी हाईस्पीड कॉरिडोर
• बुंदेलखंड के युवाओं को IIT की सौगात
• जेवर में देश का पहला सेमीकंडक्टर पार्क
• नए औद्योगिक नोड्स को फंडिंग
• वाराणसी में एकीकृत लॉजिस्टिक्स हब
• कानपुर और आगरा को विशेष औद्योगिक लाभ
हैंडलूम, ODOP और चमड़ा उद्योग को बड़ी राहत
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में महात्मा गांधी हैंडलूम योजना लागू किए जाने की घोषणा की है। इससे उत्तर प्रदेश की एक जिला एक उत्पाद (ODOP) योजना को बड़ा फायदा मिलेगा।
इसके साथ ही चमड़े से बने सामान सस्ते किए जाने का भी ऐलान हुआ है। इसका सीधा लाभ कानपुर और आगरा की चमड़ा फैक्ट्रियों और वहां काम करने वाले हजारों कारीगरों को मिलेगा।
