Budget 2026-27: बजट में वाराणसी और पटना को मिली क्या बड़ी सौगात, खुलेंगे रोजगार के नए द्वार
केंद्रीय बजट 2026-27 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वाराणसी और पटना में अंतर्देशीय जलमार्गों के लिए शिप रिपेयर इकोसिस्टम स्थापित करने की घोषणा की। इससे रोजगार बढ़ेगा और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को मजबूती मिलेगी। साथ ही 20 नए जलमार्ग और 12.2 लाख करोड़ का पूंजीगत खर्च प्रस्तावित किया गया है।
Budget 2026-27: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार नौवीं बार केंद्रीय बजट पेश करते हुए उत्तर प्रदेश के वाराणसी और बिहार की राजधानी पटना को बड़ी सौगात दी है। बजट 2026-27 में दोनों शहरों में अंतरदेशीय जलमार्गों के लिए शिप रिपेयर इकोसिस्टम स्थापित करने की घोषणा की गई है।
वित्त मंत्री ने कहा कि पर्यावरण के अनुकूल और टिकाऊ कार्गो मूवमेंट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देश में जल परिवहन को मजबूत किया जा रहा है। इसके तहत अगले पांच वर्षों में 20 नए राष्ट्रीय जलमार्ग शुरू किए जाएंगे। इसकी शुरुआत ओडिशा के नेशनल वॉटरवे-5 से होगी, जो तालचेर और अंगुल के खनिज क्षेत्रों को पारादीप और धमरा बंदरगाहों से जोड़ेगा।
वाराणसी और पटना को मिलेगा विकास और रोजगार
वाराणसी और पटना में प्रस्तावित शिप रिपेयर इकोसिस्टम से न केवल जल परिवहन को मजबूती मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी खुलेंगे। इससे इन शहरों की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
पूंजीगत खर्च में बड़ा इजाफा
केंद्रीय वित्त मंत्री ने बजट में पब्लिक कैपिटल एक्सपेंडिचर को बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव रखा है, जिससे बुनियादी ढांचे, परिवहन और उद्योग को मजबूती मिलेगी।
MSME और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर फोकस
बजट में सरकार ने 10,000 करोड़ रुपये का MSME ग्रोथ फंड बनाने की घोषणा की है। साथ ही खादी और हथकरघा को सशक्त करने के लिए महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा चुनौती मोड में मेगा टेक्सटाइल पार्क स्थापित किए जाएंगे। वित्त मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था स्थिरता, वित्तीय अनुशासन, सतत विकास और नियंत्रित महंगाई के रास्ते पर आगे बढ़ी है।
