Movie prime

उदय प्रताप कॉलेज छात्र की हत्या के विरोध में कैंडल मार्च, आरोपित की गिरफ्तारी की मांग तेज
 

 
 उदय प्रताप कॉलेज छात्र की हत्या के विरोध में कैंडल मार्च, आरोपित की गिरफ्तारी की मांग तेज
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: उदय प्रताप कॉलेज में बीएससी के छात्र सूर्य प्रताप सिंह ‘सूर्या’ की गोली मारकर हत्या के विरोध में सोमवार शाम छात्रों ने कैंडल मार्च निकालकर न्याय की मांग की। बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज के मुख्य द्वार पर एकत्र हुए और वहां से कचहरी सर्किट हाउस तक मार्च निकाला। इस दौरान छात्रों ने “सूर्या तेरा कातिल जिंदा है, हम शर्मिंदा हैं” जैसे नारे लगाकर आक्रोश जताया।

छात्रों ने आरोप लगाया कि मामले में अभी तक फरार दूसरे आरोपित अनुज मौर्य की गिरफ्तारी नहीं हुई है और रामनगर थाना प्रभारी का स्थानांतरण भी नहीं किया गया है। इस पर नाराज छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त किया।

छात्र नेता प्रतीक उपाध्याय ने कहा कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि रामनगर थाना प्रभारी को हटाया जाएगा, लेकिन अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि कैंडल मार्च के माध्यम से छात्रों ने मृतक छात्र को श्रद्धांजलि अर्पित की और जल्द न्याय की मांग उठाई।

कैंडल मार्च में छात्र नेता सुधीर सिंह, विवेकानंद सिंह, शिवम सिंह बाबू और प्रतीक उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए। सभी ने एकजुटता दिखाते हुए आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। छात्रों का कहना है कि ऐसी घटनाएं शिक्षा के माहौल को प्रभावित करती हैं और छात्रों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

छात्रों ने कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, तब तक वे शांत नहीं बैठेंगे और आगे भी इस मुद्दे को लेकर आवाज उठाते रहेंगे। यह घटना न केवल कॉलेज बल्कि पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।