Movie prime

15 मिनट में कैंट से गोदौलिया! नोडल अधिकारी ने गोंडोला में सफर कर परखी रोपवे की व्यवस्थाएं

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। काशी में बन रहे रोपवे की तैयारियों और निर्माण कार्यों का जायजा लेने के लिए जिले के नोडल अधिकारी डॉ. राज शेखर ने जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के साथ मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कैंट से रोपवे के एक केबिन यानी गोंडोला में सवार होकर गोदौलिया तक यात्रा की और पूरे रूट की व्यवस्थाओं को करीब से देखा।

,,

निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने रोपवे से जुड़े बचे हुए कामों को अभियान चलाकर जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण में तेजी के साथ गुणवत्ता और यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।

डॉ. राज शेखर ने संबंधित अधिकारियों को रोपवे के निर्माण और संचालन से जुड़े सुरक्षा मानकों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना के हर चरण में निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर मिल सके।

गौरतलब है कि वाराणसी में तैयार हो रहा काशी रोपवे शहरी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण परियोजना है। करीब 3.75 से 3.85 किलोमीटर लंबे इस रोपवे के जरिए कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया चौक तक का सफर लगभग 15 मिनट में पूरा करने की योजना है।

इस रूट पर कुल पांच स्टेशन होंगे, जिनमें वाराणसी कैंटोनमेंट रेलवे स्टेशन, काशी विद्यापीठ, रथयात्रा, गिरजाघर और गोदौलिया चौक शामिल हैं। रोपवे के शुरू होने से शहर के व्यस्त इलाकों में आवागमन को आसान बनाने और सड़क पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।