Movie prime

तहसील से गायब हो गई केस फाइल! वाराणसी में फरियादी की 4 साल से चल रही न्याय की जंग

वाराणसी के राजातालाब तहसील में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 2018 के केस की फाइल पिछले 4 साल से गायब है। फरियादी न्याय के लिए भटक रहा है। एसडीएम ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और जिम्मेदारों से जवाब तलब किया है।

 
तहसील
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: राजातालाब तहसील परिसर में न्यायिक प्रक्रिया से जुड़ी गंभीर लापरवाही सामने आई है, जहां एक पुराने मामले की पूरी फाइल गायब होने से फरियादी को वर्षों से परेशानी झेलनी पड़ रही है। फाइल के अभाव में केस का निस्तारण नहीं हो पा रहा है और पीड़ित लगातार तहसील के चक्कर काटने को मजबूर है।

जानकारी के अनुसार, अमिनी गांव निवासी राजकुमार ने एसडीएम राजातालाब को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वर्ष 2018 में सेवापुरी नायब तहसीलदार कोर्ट में बदमा देवी बनाम महेश कुमार मामले की सुनवाई चल रही थी। सुनवाई पूरी होने के बाद 8 फरवरी 2022 को न्यायालय ने आदेश सुरक्षित कर लिया था, लेकिन इसके बाद से केस की फाइल लापता हो गई।

फरियादी का कहना है कि उन्होंने कई बार तहसील और संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन हर बार उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं मिली। कई बार लिखित शिकायत देने के बावजूद भी फाइल का कोई पता नहीं चल सका।

फरियादी के अधिवक्ता मुस्ताक आलम के अनुसार, मेरे मुवक्किल की फाइल करीब 4 साल से गायब है, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है। कई बार आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

प्रार्थना पत्र में यह भी बताया गया है कि संबंधित फाइल की जिम्मेदारी पेशकार और चपरासी पर थी, लेकिन अभिलेखों के सही रखरखाव में लापरवाही के कारण मामला अधर में लटक गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम राजातालाब ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से जवाब तलब करते हुए फाइल की तत्काल खोज और जल्द निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।