Movie prime

CDO का आदेश, 25 दिसंबर तक सभी लाभार्थियों के बनें आयुष्मान कार्ड, टीबी स्क्रीनिंग अभियान में लाएं तेजी

 
cdo
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) प्रखर कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत संचालित सभी कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की गई। सीडीओ ने बताया कि एक माह तक चलने वाले विशेष अभियान में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाया जाना जरूरी है।

,,

उन्होंने निर्देश दिया कि आशा कार्यकर्ताओं की बनाई सूची के आधार पर प्रत्येक दिन का लक्ष्य निर्धारित करते हुए 25 दिसंबर तक हर पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड तैयार हो जाए। सीडीओ ने अधिकारियों से कहा कि इस अभियान की प्रगति का दैनिक पर्यवेक्षण किया जाए और इसके लिए नोडल अधिकारी भी नामित किए जाएं।

टीबी मुक्त अभियान को गति देने पर जोर

बैठक के दौरान सीडीओ ने टीबी मुक्त अभियान पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि एक प्रभावी रणनीति बनाकर स्क्रीनिंग बढ़ाई जाए, ताकि टीबी मरीजों की समय से पहचान और उपचार सुनिश्चित हो सके।

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम में सुधार के निर्देश

सीडीओ ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) की समीक्षा करते हुए मेडिकल टीमों को निर्देश दिया कि जन्मजात विकार (Birth Defects) वाले बच्चों की पहचान की जाए। इन बच्चों का पूरा विवरण सबल काशी ऐप पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए।

गर्भवती महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण पर विशेष ध्यान

सीडीओ ने चयनित सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) और एएनएम की मदद से ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस पर 100% गर्भवती महिलाओं और शिशुओं को ट्रैक करने, और उन्हें सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का निर्देश दिया। उन्होंने नियमित टीकाकरण में छूटे हुए परिवारों को भी जल्द से जल्द पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित कराने को कहा।

जन्म और मृत्यु पंजीकरण में देरी न हो

सीडीओ ने स्वास्थ्य संस्थानों को निर्देश दिया कि उनके यहां होने वाली हर जन्म और मृत्यु की घटना समयानुसार पंजीकृत की जाए, ताकि रिकॉर्ड अपडेटेड रहे।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संदीप चौधरी ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित सभी कार्यक्रमों की उपलब्धियों और प्रगति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।

बैठक में प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ, जिला कार्यक्रम अधिकारी, डीपीएम, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।