Movie prime

चंदौली में शराब तस्करी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 1,354.8 लीटर शराब के साथ चालक गिरफ्तार

 
चंदौली में शराब तस्करी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 1,354.8 लीटर शराब के साथ चालक गिरफ्तार
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Chandauli : स्वाट, सर्विलांस टीम और थाना कन्दवा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 12 चक्का ट्रक से 147 पेटी अवैध अंग्रेजी, देशी शराब और बीयर बरामद की गई है। बरामद शराब की कुल मात्रा 1,354.8 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 14 सितंबर 2026 को रात करीब 2:18 बजे थाना कन्दवा के सामने की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कन्दवा की ओर से आ रहे वाहनों की कतार में शामिल ट्रक संख्या UP60BT9648 का चालक अचानक कतार से हटकर यू-टर्न लेकर भागने का प्रयास करने लगा।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम रिंकू चौहान पुत्र कदम चौहान, निवासी ग्राम हिनौता, थाना अहरौरा, जनपद मिर्जापुर बताया। उसकी उम्र करीब 38 वर्ष है।

ट्रक के डाले में बनाया गया था विशेष चैम्बर

ट्रक के डाले की तलाशी लेने पर लोहे की चादर के नीचे विशेष चैम्बर बनाकर छिपाई गई शराब बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, ट्रक में कुल 147 पेटी शराब और बीयर रखी गई थी।

बरामद शराब में शामिल हैं—

- ब्लेंडर्स प्राइड : 1 पेटी, कुल 9 लीटर

- 8 पीएम अंग्रेजी शराब : 45 पेटी, कुल 388.8 लीटर

- किंगफिशर एक्स्ट्रा स्पेशल स्ट्रांग बीयर : 16 पेटी, कुल 192 लीटर

- ब्ल्यू लाइम देशी शराब मसाला : 85 पेटी, कुल 765 लीटर

इसके अलावा पुलिस ने ट्रक, 1,000 रुपये नकद और एक नोकिया की-पैड मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की थी योजना

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बिहार में शराबबंदी का लाभ उठाकर वह ट्रक मालिक और अंग्रेजी व देशी शराब की दुकानों के सेल्समैन के सहयोग से कन्दवा क्षेत्र की दुकानों से शराब खरीदता था। इसके बाद ट्रक के डाले में लोहे की चादर के नीचे बनाए गए चैम्बर में शराब छिपाकर बिहार ले जाता था और वहां ऊंचे दामों पर बेचता था। इससे होने वाले मुनाफे को आपस में बांट लिया जाता था।

ट्रक सीज, आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज

पुलिस ने ई-चालान ऐप के माध्यम से ट्रक के चेसिस और इंजन नंबर का सत्यापन किया, जो भौतिक जांच में सही पाया गया। वाहन स्वामी की पहचान हरिशंकर यादव पुत्र दीपन यादव, निवासी डुमरी, थाना फेफना, जनपद बलिया के रूप में हुई है।

ट्रक को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। वहीं, गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना कन्दवा में मु.अ.सं. 77/2026, धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में थाना कन्दवा पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।