वाराणसी: वोटर लिस्ट चेक करने का आज मौका: बूथ पर जाएं, नाम न हो तो करें दावा
वाराणसी में विधानसभा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत ड्राफ्ट जारी कर दिया गया है। शनिवार को सभी 3049 बूथों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे। नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए 6 फरवरी तक दावा-आपत्ति की जा सकती है।
वाराणसी: विधानसभा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची का आलेख प्रकाशन कर दिया गया है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शनिवार को जिले के सभी 3049 मतदान बूथों पर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) उपस्थित रहेंगे। सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक आम नागरिक अपने संबंधित बूथ पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं।
यदि किसी मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं है, तो वह दावा प्रस्तुत कर नया नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकता है। साथ ही एसआईआर के बाद एएसडी (Absent, Shifted, Dead) श्रेणी में शामिल मतदाताओं के नाम भी पढ़े जाएंगे। यदि किसी व्यक्ति का नाम गलती से इस सूची में आ गया है, तो वह मौके पर ही आपत्ति दर्ज करा सकता है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि शनिवार को बूथ से जुड़े सभी शैक्षणिक संस्थान, कार्यालय और संबंधित संस्थान खुले रहेंगे, ताकि मतदाता आसानी से सूची का अवलोकन कर सकें। उन्होंने अपील की कि 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवा बीएलओ से फॉर्म लेकर अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में नाम शामिल कराएं।
नाम जोड़ने-काटने के लिए फॉर्म
• नया नाम जोड़ने के लिए: फॉर्म-6 (घोषणा पत्र के साथ)
• नाम हटाने के लिए: फॉर्म-7
• संशोधन/स्थानांतरण के लिए: फॉर्म-8
आवेदन आवश्यक दस्तावेजों के साथ बीएलओ को सौंपना होगा।
ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
मतदाता ECINET मोबाइल ऐप या voters.eci.gov.in वेबसाइट के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
बीएलओ अनुपस्थित मिले तो कार्रवाई
अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी बिपिन कुमार ने बताया कि शनिवार को सभी वरिष्ठ निर्वाचन अधिकारी बूथों का निरीक्षण करेंगे। यदि कोई बीएलओ अनुपस्थित पाया गया, तो उसके विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
महत्वपूर्ण तिथियां
• दावा-आपत्ति की अंतिम तिथि: 6 फरवरी
• नो-मैपिंग वोटरों की सुनवाई का निस्तारण: 27 फरवरी
• मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन: 6 मार्च
आंकड़ों पर नजर
• एसआईआर से पहले कुल मतदाता: 31,53,705
• एसआईआर के बाद हटाए गए नाम: 5,73,203
• ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद मतदाता: 25,80,502
• नो-मैपिंग सूची में मतदाता: 1,62,000
