Movie prime

BHU हॉस्टल में बवाल: दरोगा भाई को बुलाकर छात्रों पर हमला, 3 पर FIR 

BHU के चाणक्य छात्रावास में रूम विवाद हिंसक हो गया। कानपुर में तैनात एक दरोगा और उसके साथियों पर छात्रों पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। लंका थाना पुलिस ने SI समेत तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

 
BHU हॉस्टल में बवाल
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के चाणक्य छात्रावास में छात्रों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मामले में कानपुर में तैनात एक दरोगा और उसके दो साथियों पर छात्रों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। लंका थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

रूम पार्टनर्स के विवाद ने लिया हिंसक रूप

जानकारी के अनुसार, चाणक्य छात्रावास के कमरा नंबर 72 में रहने वाले बीए एलएलबी के छात्रों के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक छात्र ने अपने भाई को बुलाया, जो यूपी पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात है।

दरोगा और साथियों पर हमले का आरोप

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कानपुर के कलेक्टरगंज थाने में तैनात SI मनोज कुमार अपने साथी मोहित कुमार और छात्र प्रशांत कुमार के साथ छात्रावास पहुंचे और कमरे में मौजूद छात्रों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दोनों छात्रों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।

CCTV में कैद हुई घटना

हॉस्टल परिसर में हुई पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड बताई जा रही है। फुटेज में बाहरी व्यक्तियों के छात्रावास में प्रवेश और हमले की घटना सामने आने की बात कही जा रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

लंका थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।