BHU में बवाल: छात्र से जाति पूछकर क्लास में मारपीट, आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के हिंदी विभाग में परास्नातक द्वितीय वर्ष के छात्र प्रशांत मिश्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि क्लास के दौरान छात्र से जाति पूछने के बाद उसकी पिटाई की गई।
पीड़ित छात्र प्रशांत मिश्र ने लंका थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि बुधवार सुबह करीब 11:45 बजे वह अपनी कक्षा में मौजूद था। इसी दौरान समाजवादी छात्र सभा बीएचयू इकाई के अध्यक्ष हिमांशु यादव वहां पहुंचे और उससे उसका कोर्स व जाति पूछी। इसके बाद आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसकी पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी भी दी।
बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जो जांच में अहम साक्ष्य बन सकता है।
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हिमांशु यादव को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
