चौबेपुर में लेखपाल पर हमला: अतिक्रमण जांच के दौरान मारपीट, सरकारी अभिलेख फाड़े
चौबेपुर के डेगरुपुर गांव में अतिक्रमण जांच के दौरान लेखपाल से मारपीट कर सरकारी दस्तावेज फाड़े गए। लेखपालों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
वाराणसी: चौबेपुर के डेगरुपुर गांव में गुरुवार को अतिक्रमण की जांच और न्यायालयीय आदेश की नोटिस तामील कराने पहुंचे लेखपाल पर अतिक्रमणकारियों ने हमला कर दिया। आरोप है कि दबंगों ने लेखपाल से मारपीट की और उसके पास मौजूद सरकारी अभिलेख व नोटिस फाड़कर फेंक दिए।
रौना कला क्षेत्र के लेखपाल सतीश यादव तहसील दिवस एवं आईजीआरएस प्रार्थना पत्र की जांच के साथ तहसीलदार न्यायिक सदर द्वारा जारी आदेश की नोटिस तामील कराने डेगरुपुर गांव पहुंचे थे। इसी दौरान अतिक्रमणकारी रघुनाथ यादव और उसके स्वजन वहां पहुंच गए और लेखपाल के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
लेखपाल की तहरीर के अनुसार रघुनाथ यादव के साथ उसके परिवार के चंद्रभूषण, रमेश, बृजेश, अजीत, प्रदीप और दो-तीन अज्ञात लोग शामिल थे। आरोपितों ने लेखपाल के पास मौजूद नजरी नक्शा, सरकारी अभिलेख और नोटिस छीनकर फाड़ दिए तथा दोबारा क्षेत्र में आने पर जान से मारने और नौकरी न करने देने की धमकी दी।
घटना की जानकारी मिलते ही अन्य लेखपालों में आक्रोश फैल गया। लगभग 20 लेखपाल चौबेपुर थाने पहुंचे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी।
थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
