Movie prime

छठ पूजा पर वाराणसी के रेलवे स्टेशनों पर अलर्ट, कैंट स्टेशन पर GRP का सघन चेकिंग अभियान, बनारस स्टेशन पर यात्रियों के लिए आश्रय स्थल तैयार

छठ महापर्व पर वाराणसी के बनारस और कैंट रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। बनारस स्टेशन पर 250 यात्रियों की क्षमता वाला अस्थायी आश्रय स्थल बनाया गया है। जीआरपी-आरपीएफ की टीमें ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर चेकिंग कर रही हैं। नियम तोड़ने पर 10 लोगों पर कार्रवाई हुई।

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। छठ महापर्व पर ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए वाराणसी के बनारस रेलवे स्टेशन और वाराणसी जंक्शन पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। बनारस स्टेशन पर 250 यात्रियों की क्षमता वाला अस्थायी यात्री आश्रय स्थल तैयार किया गया है। वहीं, कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में निगरानी बढ़ा दी है।

बनारस स्टेशन पर 2025 वर्गफीट में बना यात्री आश्रय स्थल

छठ पर्व के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए बनारस रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में 2025 वर्गफीट का अस्थायी यात्री आश्रय स्थल बनाया गया है। इसमें एक समय में 250 यात्री बैठ सकेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए यहां प्रकाश, पंखे, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, मोबाइल यूटीएस टिकटिंग, उद्घोषणा प्रणाली और वीडियो पैनल की व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया को वाहनमुक्त रखने, प्रवेश और निकास मार्गों का बेहतर प्रबंधन करने तथा प्लेटफॉर्म पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सहायता के लिए 24 घंटे हेल्प बूथ भी संचालित किया जा रहा है।

CCTV से निगरानी, RPF और पुलिस की टीमें तैनात

स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत आरपीएफ, पुलिस और महिला सुरक्षा टीमों को भी तैनात किया गया है। वहीं, वाराणसी जंक्शन पर शुक्रवार को आरपीएफ ने श्वान दस्ते के साथ सघन जांच अभियान चलाया।

इस दौरान स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, सभी प्लेटफॉर्म और टिकट घर की जांच की गई। जीआरपी कैंट की टीम ने भी स्टेशन परिसर और ट्रेनों के अंदर चेकिंग की। खासतौर पर बिहार, झारखंड और बंगाल की ओर जाने वाली ट्रेनों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, क्योंकि छठ पर्व के चलते इन रूटों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ रही है।

यात्रियों से सतर्क रहने और 139 पर सूचना देने की अपील

जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे किसी अपरिचित व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तुएं स्वीकार न करें। स्टेशन या ट्रेन में कोई संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु दिखाई देने पर तत्काल सुरक्षा कर्मियों को सूचना दें।

इसके अलावा किसी भी समस्या की स्थिति में रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है। रेलवे ने यात्रियों से ट्रेन में अनावश्यक चेन पुलिंग नहीं करने की भी अपील की है।

रेलवे परिसर में नियम तोड़ने पर 10 लोगों पर कार्रवाई

छठ पर्व के मद्देनजर स्टेशन परिसर में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर दो टैक्सी चालकों, अवैध ठेला लगाने पर तीन लोगों और ट्रेन में अवैध रूप से खानपान बेचने पर एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई हुई।

वहीं, स्टेशन परिसर में अनधिकृत प्रवेश करने पर तीन लोगों को पकड़ा गया। इन सभी 10 लोगों के खिलाफ जन विश्वास अधिनियम-2026 के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 10,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। जुर्माने की राशि रेलवे मद में जमा कराई गई।

जीआरपी कैंट के प्रभारी निरीक्षक राजोले नागर ने बताया कि छठ पूजा को देखते हुए स्टेशन और ट्रेनों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए जीआरपी की टीमें अलर्ट पर हैं।