गर्भगृह में प्लास्टिक से जल छोड़ने की परंपरा के खिलाफ बच्चों की जनजागरण रैली
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव धाम में गर्भगृह और अरघे के भीतर मिट्टी व प्लास्टिक के जलपात्र छोड़ने की दूषित परंपरा के खिलाफ बच्चों ने जनचेतना रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया।
सामाजिक संस्था आशा ट्रस्ट के भंदहा कला प्रशिक्षण केंद्र के बच्चों ने कैथी गांव से मंदिर परिसर तक रैली निकालकर दर्शनार्थियों से अपील की कि अभिषेक के बाद जलपात्र को गर्भगृह या अरघे में न छोड़ें, बल्कि बाहर निर्धारित सुरक्षित स्थान पर रखें। बच्चों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को स्वच्छता और धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने का संदेश दिया।
रैली का संयोजन कर रहे अमित कुमार ने बताया कि मार्कंडेय महादेव धाम ऐसा प्रमुख देवालय है, जहां श्रद्धालु अभिषेक के बाद मिट्टी और प्लास्टिक के जलपात्र अरघे के अंदर ही डाल देते हैं। इससे न केवल मंदिर परिसर की पवित्रता प्रभावित होती है, बल्कि यह एक गलत परंपरा का रूप भी ले चुकी है।
उन्होंने कहा कि बच्चों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है। रैली के दौरान बच्चों ने श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर को स्वच्छ रखने और प्लास्टिक का उपयोग कम करने की भी अपील की।
