Movie prime

मारकंडेय महादेव से बाबतपुर तक दौड़ेंगी सिटी बसें, 250 ई-बसों के लिए चार जगह बनेंगे डिपो-चार्जिंग स्टेशन

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने कई अहम फैसले लिए हैं। मंगलवार को मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में कंपनी के निदेशक मंडल की 35वीं बैठक हुई। इसमें सिटी बस सेवाओं के विस्तार, यात्री सुविधाओं, नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन और परिवहन व्यवस्था को स्मार्ट बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक में मारकंडेय महादेव, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), बाबतपुर और सिंधोरा के लिए सिटी बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया। इससे इन क्षेत्रों से वाराणसी आने-जाने वाले यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन का अतिरिक्त विकल्प मिल सकेगा। इसके अलावा, शहर में चल रही काशी दर्शन बस सेवा को और बेहतर बनाने पर भी फैसला लिया गया। बसों की ब्रांडिंग के साथ यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं में बढ़ोतरी की जाएगी, ताकि पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके।

बैठक में पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की प्रगति की समीक्षा करने के साथ ही संस्था के संचालन, वित्तीय स्थिति, बस सेवाओं और यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएं। उन्होंने बसों का निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संचालन सुनिश्चित करने के साथ स्वच्छता और बसों के रखरखाव पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

परिवहन व्यवस्था को डिजिटल और सुविधाजनक बनाने के लिए NCMC कार्ड को सिटी बस सेवा और रोपवे से इंटीग्रेट करने का निर्णय भी लिया गया है। इससे यात्रियों को एक ही कार्ड के जरिए अलग-अलग सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का इस्तेमाल करने की सुविधा मिलने की दिशा में काम आगे बढ़ेगा।

सिटी बसों के रूट पर यात्रियों की सुविधा के लिए बस शेल्टर का निर्माण नगर निगम स्तर से कराने का भी निर्णय लिया गया। वहीं, प्रस्तावित 250 नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारियों को लेकर चार स्थानों पर मेंटेनेंस डिपो और चार्जिंग स्टेशन विकसित करने का फैसला किया गया है। इसके लिए वीरापट्टी, आखरी बाईपास, मोहनसराय (ट्रांसपोर्ट नगर) और आयर में भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पर निर्णय लिया गया।

मंडलायुक्त ने शासन और निदेशक मंडल द्वारा लिए गए सभी निर्णयों का समयबद्ध तरीके से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, एडीसीपी यातायात, आरटीओ प्रवर्तन, वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक, सहायक प्रबंधक और कंपनी सचिव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।