Movie prime

जलवायु परिवर्तन पर अब होगी जमीनी बात: वाराणसी में ईंट भट्ठा मजदूरों के अनुभवों पर राष्ट्रीय संवाद

वाराणसी में आयोजित “तपते भट्टे, बदलता मौसम” कार्यक्रम के जरिए ईंट भट्ठा मजदूरों के जीवन, संघर्ष और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को राष्ट्रीय संवाद का हिस्सा बनाया जाएगा। कार्यक्रम में क्लाइमेट जस्टिस, श्रम अधिकार, पलायन और सामाजिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विशेषज्ञों और समुदायों के बीच चर्चा होगी।

 
जलवायु परिवर्तन
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: जलवायु परिवर्तन पर होने वाली चर्चाओं में अक्सर बड़े आंकड़े, नीतियां और अंतरराष्ट्रीय लक्ष्य सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन उन लोगों की आवाज बहुत कम सुनाई देती है जो इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर झेल रहे हैं। इसी सोच को बदलने के उद्देश्य से वाराणसी में एक विशेष कार्यक्रम “तपते भट्टे, बदलता मौसम: जमीनी कहानियां और जलवायु संवाद” आयोजित किया जा रहा है।

यह पहल ग्रामीण मीडिया संगठन चंबल मीडिया खबर लहरिया और बुनियाद पहल के सहयोग से की जा रही है। कार्यक्रम का उद्देश्य ईंट भट्ठा मजदूरों और हाशिए पर मौजूद समुदायों के अनुभवों को जलवायु परिवर्तन की मुख्यधारा बहस का हिस्सा बनाना है।

जलवायु संकट की सबसे बड़ी मार मजदूरों पर

कार्यक्रम से जुड़े आयोजकों का कहना है कि बढ़ती गर्मी, अनियमित बारिश, लंबे समय तक गर्म वातावरण में काम, पलायन, स्वास्थ्य संकट और सामाजिक असुरक्षा का सबसे गहरा असर ईंट भट्ठा मजदूरों पर पड़ रहा है।

इसके बावजूद इन समुदायों की आवाजें न तो मुख्यधारा मीडिया में पर्याप्त जगह पा रही हैं और न ही नीति निर्माण की चर्चाओं में। यही कारण है कि यह पहल मजदूरों के अनुभवों, संघर्ष और अधिकारों को सामने लाने का प्रयास कर रही है।

‘चार्टर ऑफ डिमांड्स’ होगा पेश

कार्यक्रम के दौरान एक महत्वपूर्ण दस्तावेज “चार्टर ऑफ डिमांड्स” भी प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें मजदूरों और समुदायों की प्रमुख मांगों को शामिल किया गया है। इन मांगों में शामिल हैं-

  • सुरक्षित और बेहतर कार्य परिस्थितियां
  • श्रम अधिकारों का प्रभावी पालन
  • स्वास्थ्य और शिक्षा तक पहुंच
  • प्रवासी मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा
  • पारदर्शी और सरल लाइसेंस व्यवस्था
  • पर्यावरण अनुकूल और टिकाऊ तकनीकों को बढ़ावा

आयोजकों का कहना है कि यह दस्तावेज जलवायु नीतियों में मजदूरों के अनुभवों और अधिकारों को शामिल करने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकता है।

युवाओं को दी गई मोबाइल पत्रकारिता की ट्रेनिंग

इस पहल के तहत समुदाय आधारित स्टोरीटेलिंग और मीडिया प्रशिक्षण पर भी विशेष फोकस किया गया है। “उड़ान फेलोशिप” के माध्यम से 15 ईंट भट्ठा और हाशिए पर मौजूद समुदायों के युवाओं को मोबाइल पत्रकारिता और जमीनी रिपोर्टिंग का प्रशिक्षण दिया गया।

इन युवाओं ने अपने समुदायों की जिंदगी, संघर्ष, पलायन, जाति, जेंडर और जीविका से जुड़ी वास्तविक कहानियों को रिकॉर्ड किया है। कार्यक्रम में इन्हीं अनुभवों पर आधारित क्लाइमेट विजुअल मैप भी पेश किया जाएगा।

राउंडटेबल चर्चा में जुटेंगे विशेषज्ञ

कार्यक्रम में पत्रकार, जलवायु विशेषज्ञ, शोधकर्ता, सामाजिक संगठन, मजदूर प्रतिनिधि और नीति निर्माता शामिल होंगे। राउंडटेबल चर्चा में जिन मुद्दों पर फोकस रहेगा, उनमें शामिल हैं-

  • जलवायु परिवर्तन और श्रम संकट
  • पलायन और आर्थिक अस्थिरता
  • जेंडर और जाति आधारित चुनौतियां
  • स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा
  • समुदाय आधारित समाधान

आयोजकों के मुताबिक यह संवाद सिर्फ पर्यावरण की चर्चा नहीं, बल्कि उन लोगों की आवाज को मंच देने की कोशिश है जो जलवायु परिवर्तन को सबसे पहले और सबसे गहराई से महसूस कर रहे हैं।

वाराणसी से उठेगी जमीनी आवाज

कार्यक्रम के जरिए यह सवाल भी उठाया जाएगा कि आखिर जलवायु परिवर्तन की कहानियां कौन बता रहा है और किन समुदायों की आवाज अब तक पीछे छूटती रही है।