Movie prime

CM डैशबोर्ड समीक्षा बैठक: खराब प्रदर्शन वाले विभागों को DM की चेतावनी, बोले- योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं...

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। जिले में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को गति देने के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड (CM Dashboard) पर विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन और लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विभागीय योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि लाभार्थीपरक योजनाओं को तय लक्ष्य के अनुसार समयसीमा में पूरा किया जाए और किसी भी प्रकार के लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

समीक्षा के दौरान सीएम डैशबोर्ड पर खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि कार्यों की गुणवत्ता में सुधार लाते हुए बेहतर प्रदर्शन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही के कारण जिले की रैंकिंग प्रभावित नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक अधिकारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

जीरो पावर्टी अभियान की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को निर्देश दिया कि अभियान के तहत सभी पात्र परिवारों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति स्वास्थ्य योजना से वंचित न रहे। वहीं, परियोजना निदेशक डीआरडीए को निर्देशित किया गया कि पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत आवास उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को नई सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और अनुरक्षण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्धारित लक्ष्य हर हाल में समय पर पूरे किए जाएं।

इसके अलावा जननी सुरक्षा योजना, जल जीवन मिशन (ग्रामीण), फैमिली आईडी, पोषण अभियान, पर ड्रॉप मोर क्रॉप, ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना, सीएमआईएस और आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को सभी योजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की भी समीक्षा की। पर्यटन विभाग, स्वच्छ भारत मिशन, महिला एवं बाल विकास विभाग समेत अन्य विकास कार्यों की स्थिति पर चर्चा करते हुए उन्होंने गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचे। जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।